- फाइलेरिया उन्मूलन में उत्कृष्ट योगदान: उपायुक्त ने कर्मियों एवं सहयोगी संस्थाओं को किया सम्मानित
गढ़वा। जिले में फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर चलाए जा रहे अभियान को सफल बनाने में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मियों, सामुदायिक प्रतिनिधियों एवं सहयोगी संस्थाओं के सदस्यों को सम्मानित करने हेतु उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री अनन्य मित्तल की अध्यक्षता में उनके कार्यालय वेश्म में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत संचालित एमडीए (MDA) कार्यक्रम में उल्लेखनीय कार्य करने वाले मदन केशरी (फाइलेरिया चैंपियन), पुष्पा देवी (जेंडर सीआरपी, JSLPS) एवं अमरेंद्र कुमार (स्वयंसेवक) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इन सभी ने अभियान के विभिन्न चरणों विशेषकर नाइट ब्लड सर्वे (Night Blood Survey) एवं एमडीए राउंड के दौरान समुदाय में जागरूकता फैलाने में अत्यंत सक्रिय एवं प्रभावी भूमिका निभाई।
सम्मानित व्यक्तियों ने घर-घर जाकर लोगों को फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के लक्षण, बचाव एवं उपचार के संबंध में जागरूक किया। साथ ही, एमडीए अभियान के दौरान दवा सेवन के प्रति लोगों को प्रेरित कर जनभागीदारी को बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इनके प्रयासों से न केवल जागरूकता में वृद्धि हुई, बल्कि अभियान की सफलता भी सुनिश्चित हुई।

कार्यक्रम में पीरामल फाउंडेशन की टीम के सदस्यों विनोद कुमार, शिव सागर दास, शालिनी झा एवं जहीर अंसारी को भी उनके निरंतर सहयोग, क्षेत्रीय स्तर पर सक्रिय भागीदारी, सामुदायिक समन्वय एवं कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय योगदान के लिए सराहा गया। पीरामल फाउंडेशन की टीम ने जागरूकता गतिविधियों को सुदृढ़ करने तथा अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

अपने संबोधन में उपायुक्त श्री मित्तल ने सभी सम्मानित व्यक्तियों की सराहना करते हुए कहा कि फाइलेरिया जैसी दीर्घकालिक एवं जटिल बीमारी के उन्मूलन के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब तक समुदाय स्वयं जागरूक होकर इस अभियान में सक्रिय भागीदारी नहीं करेगा, तब तक पूर्ण सफलता प्राप्त करना कठिन होगा।
उपायुक्त ने स्वयंसेवकों एवं सहयोगी संस्थाओं से अपील की कि वे इसी समर्पण, उत्साह एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहें तथा अभियान का संदेश प्रत्येक घर तक पहुँचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहें।










