- झारखंड में दुर्लभ खनिज की खोज, खनन और तकनीकी सहयोग करेंगी अमेरिकी कंपनियां
- मुख्य सचिव के साथ अमेरिकी काउंसलेट जेनरल और उनकी टीम के साथ अहम बैठक
*=====================*
रांची। झारखंड में परंपरागत खनिजों के अलावा दुर्लभ खनिजों (क्रिटिकल मिनरल्स) की खोज, खनन, प्रसंस्करण एवं तकनीकी सहयोग के क्षेत्र में अमेरिकी कंपनियों द्वारा रुचि व्यक्त की गई है। इस संबंध में मंगलवार को मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार एवं अमेरिकी काउंसलेट जेनरल सुश्री कैली जाइल डियाज के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान झारखंड में खनिज क्षेत्र में उपलब्ध व्यापक संभावनाओं पर चर्चा की गई । प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया गया कि राज्य में कोयला, लौह अयस्क, तांबा, बॉक्साइट, सोना, लाइम स्टोन जैसे परंपरागत खनिजों के विशाल भंडार उपलब्ध हैं तथा इनके खनन एवं प्रसंस्करण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। इसके अतिरिक्त राज्य में दुर्लभ एवं महत्वपूर्ण खनिजों से संबंधित 20 से अधिक खनिज अवस्थित हैं, जिनमें लिथियम, टाइटेनियम, वैनेडियम, सिल्वर, गेफाइट सहित अन्य महत्वपूर्ण खनिज शामिल हैं। साथ ही, दुर्लभ खनिजों के नए क्षेत्रों की अन्वेषण की प्रक्रिया भी निरंतर संचालित की जा रही है।

*विश्व की विभिन्न अग्रणी कंपनियों के साथ राज्य सरकार द्वारा निरंतर संपर्क स्थापित किया जा रहा है प्रयास*
बैठक के दौरान अमेरिकी काउंसलेट जेनरल के माध्यम से अमेरिकी कंपनियों को झारखंड में खनन, खनिज अन्वेषण एवं उन्नत तकनीक आधारित गतिविधियों से जुड़ने के लिए आमंत्रित किया गया। यह भी बताया गया कि इस क्षेत्र में उन्नत तकनीक के साथ कार्य कर रही विश्व की विभिन्न अग्रणी कंपनियों के साथ राज्य सरकार द्वारा निरंतर संपर्क स्थापित किया जा रहा है तथा इस दिशा में उल्लेखनीय प्रगति भी हुई है। इच्छुक कंपनियों द्वारा खनिज ब्लॉक प्राप्त कर अत्याधुनिक तकनीकों के माध्यम से कार्य किए जाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।

*अमेरिका की माइनिंग कंपनियों के समूह यूएसआईएसपीए (USISPA) द्वारा झारखंड सरकार के साथ संपर्क स्थापित किया गया*
बैठक में यह जानकारी भी साझा की गई कि अमेरिका की माइनिंग कंपनियों के समूह यूएसआईएसपीए (USISPA) द्वारा झारखंड सरकार के साथ संपर्क स्थापित किया गया है। समूह द्वारा खनिज ब्लॉकों की खुली नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने की इच्छा व्यक्त की गई है। विशेष रूप से दुर्लभ खनिजों की खोज, खनन एवं प्रसंस्करण गतिविधियों में रुचि प्रदर्शित की गई है।
बैठक में खान एवं भूतत्व विभाग के सचिव श्री अरवा राजकमल, खान निदेशक श्री राहुल कुमार सिन्हा, अमेरिकी काउंसलेट जेनरल सुश्री कैली जाइल डियाज सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।










