🔹 खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी द्वारा मंझिआंव प्रखंड के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का किया गया निरीक्षण
🔹 उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं मानक के अनुरूप खाद्य सामग्री ही उपलब्ध कराने का निदेश
आगामी त्योहारी मौसम को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अनिरुद्ध रॉय, गढ़वा-2 द्वारा खाद्य सुरक्षा कार्यालय, गढ़वा के तत्वावधान में मझिआंव क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से पनीर, मिठाई एवं अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता, स्वच्छता, निर्माण प्रक्रिया, भंडारण व्यवस्था तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की गई। इस क्रम में प्रतिष्ठानों में उपलब्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया।

जांच के दौरान युग मिष्ठान एवं फास्ट फूड प्रतिष्ठान से लगभग 10 किलोग्राम संदिग्ध/अमानक मिठाइयां पाई गईं, जिन्हें उसी वक़्त उस जगह से हटा देने का निर्देश दिया गया ताकि उन्हें खाने से संदिग्ध बीमारियां न फैलें।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के सभी खाद्य कारोबार संचालकों (FBOs) को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि वे उपभोक्ताओं को केवल गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं मानक के अनुरूप खाद्य सामग्री ही उपलब्ध कराएं। विशेष रूप से त्योहारी मौसम में मिठाई, पनीर एवं अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने, खाद्य पदार्थों को उचित तापमान एवं स्वच्छ परिस्थितियों में रखने तथा खाद्य सुरक्षा संबंधी सभी निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य कारोबारियों को यह भी स्पष्ट चेतावनी दी गई कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा इसके अंतर्गत बनाए गए नियमों एवं विनियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा आगामी त्योहारी मौसम में भी खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित एवं सघन जांच जारी रखने तथा आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही गई।










