- *गढ़वा में प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा, 29,994 छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति हेतु सूची अनुमोदित*
- *उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित, योग्य विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति से लाभान्वित करने का निर्देश*
**************************************
गढ़वा। वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के सफल क्रियान्वयन एवं पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में उनके कार्यालय वेश्म में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले के सरकारी विद्यालयों में कक्षा 1 से 10 तक अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति से संबंधित सत्यापित सूची की समीक्षा की गई। विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं संस्थान के संस्थान प्रमुख द्वारा ई-कल्याण पोर्टल पर दर्ज विद्यार्थियों के विवरण का सत्यापन किया गया। सत्यापन के उपरांत जिला कल्याण पदाधिकारी के लॉगिन आईडी पर अग्रसारित सूची को समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिस पर विचार-विमर्श के बाद अनुमोदन प्रदान किया गया।

बैठक में प्रस्तुत प्रखंडवार सत्यापित सूची के अनुसार, गढ़वा जिले के कुल 29,994 छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति सूची को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। इसमें गढ़वा प्रखंड से सर्वाधिक 6,233 तथा मेराल प्रखंड से 5,203 छात्र-छात्राओं की सूची शामिल है। इसके अतिरिक्त नगर उंटारी, डंडा, डंडई, रंका, रमकंडा, रमना, सगमा, धुरकी, कांडी, खरौंधी सहित जिले के सभी संबंधित प्रखंडों के पात्र विद्यार्थियों की सूची को भी स्वीकृति दी गई।
बैठक में उपायुक्त ने छात्रवृत्ति योजना के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि वे सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों से इस आशय का प्रमाण-पत्र प्राप्त करें कि उनके विद्यालय में कोई भी पात्र छात्र-छात्रा छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित नहीं है।
साथ ही, संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि छात्रवृत्ति से संबंधित प्रक्रियाओं का निर्धारित मानकों के अनुरूप अनुपालन सुनिश्चित करते हुए पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करें।

उपायुक्त श्री मिश्रा ने स्पष्ट किया कि छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य जरूरतमंद एवं पात्र विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहायता प्रदान करना है। इसके सफल क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी योग्य विद्यार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी देवानंद राम, जिला कोषागार पदाधिकारी कृष्णकांत महतो, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा, जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज एवं जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी चंद्रशेखर पटेल सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।










