- गढ़वा के बड़गड़ में जिला स्तरीय स्वदेशी एवं ग्रामीण जनजातीय खेल प्रतियोगिता-2026 का भव्य आयोजन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
- विजेता खिलाड़ियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी देकर किया गया सम्मानित, अतिथियों ने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए दी शुभकामनाएं
**************************************
गढ़वा। झारखंड स्थापना दिवस-2026 के अवसर पर पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय के तत्वावधान में जिला स्तरीय ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता-2026 का आयोजन बड़गड़ प्रखंड के काला कजुरी मैदान में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के 14 से 40 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा और शारीरिक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के तहत एकल स्पर्धाओं में गुलेल प्रतियोगिता, भाड़ दौड़, गेड़ी दौड़ एवं मटका दौड़ का आयोजन किया गया। वहीं सामूहिक स्पर्धाओं में बालक एवं बालिका वर्ग के लिए वॉलीबॉल तथा फुटबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पारंपरिक जनजातीय खेलों के प्रति खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा पारंपरिक खेलों को संरक्षित एवं लोकप्रिय बनाने का संदेश दिया गया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उप विकास आयुक्त श्रीमती प्रेमलता मुर्मू, वन एवं पर्यावरण विभाग के अपर सचिव दिलीप तिर्की, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री गोपी उरांव, जिला खेल पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी राजीव कुमार, सांसद एवं विधायक प्रतिनिधि सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्रीमती प्रेमलता मुर्मू सहित उपस्थित पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करता है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करने तथा आगामी राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में द्रौपदी मिंज, संदीप गुप्ता, विनोद कुमार गुप्ता, अजय मिंज एवं सुपीन केरकेट्टा ने सराहनीय भूमिका निभाई। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों एवं उपस्थित लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस प्रतियोगिता के आयोजन से ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। साथ ही स्थानीय पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने और खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल की गई।










