मोहाली : पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री रह चुके शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल का मंगलवार रात आठ बजे 95 वर्ष की आयु में निधन हो गया। पंजाब में हिंदू-सिख एकता के अग्रदूत कहे जाते बादल को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद पिछले हफ्ते ही मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती किया गया था। तकलीफ बढ़ने पर शुक्रवार को उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया था। अस्पताल के मुताबिक उन्होंने रात करीब आठ बजे अंतिम सांस ली।
वे पंजाब के सबसे युवा और उम्रदराज मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने पहली बार 1970 में 43 साल की उम्र में मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। तब वह पंजाब के सबसे कम उम्र के सीएम बने थे। साल 2012 में 84 वर्ष की आयु में बादल ने सबसे उम्रदराज सीएम के तौर पर शपथ ली। भारत सरकार ने उन्हें 2015 में देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया था। उन्हें पंजाब में हिंदुओं और सिखों के बीच भाईचारा बनाए रखने के प्रयासों के लिए हमेशा याद किया जाएगा।
आजादी के साल राजनीति में रखा था कदम
प्रकाश सिंह बादल ने 1947 में राजनीति में पदार्पण किया था। 1957 में पहला विधानसभा चुनाव जीता था। 1969 में प्रकाश सिंह बादल दोबारा विधायक बने थे। वहीं प्रकाश सिंह बादल 1970–71, 1977–80, 1997–2002 तक पंजाब के मुख्यमंत्री रहे। वहीं 1972, 1980 और 2002 में नेता विपक्ष भी रहे थे। प्रकाश सिंह बादल सांसद और केंद्र में मंत्री भी रह चुके थे। एक मार्च 2007 से 2017 तक उन्होंने दो बार मुख्यमंत्री का दायित्व संभाला।
चंडीगढ़ में आखिरी दर्शन को रखा जाएगा पार्थिव शरीर
प्रकाश सिंह बादल का पार्थिव शरीर चंडीगढ़ के सेक्टर -28 के शिअद कार्यालय में बुधवार सुबह 10:00 से 12:00 बजे दोपहर तक दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद उनके पैतृक गांव ले जाया जाएगा। जहां 27 अप्रैल को दोपहर 1:00 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा। यह जानकारी शिअद चंडीगढ़ अध्यक्ष हरदीप सिंह ने दी।
अस्पताल पहुंचे हरियाणा सीएम मनोहर लाल
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने भी प्रकाश सिंह बादल के निधन पर शोक व्यक्त किया। वह रात में ही मोहाली के फोर्टिस अस्पताल पहुंचे और परिवार के साथ दुख साझा किया। अस्पताल में बिक्रम सिंह मजीठिया और सुखबीर सिंह बादल मौजूद हैं। वहीं अकाली नेताओं का पहुंचना जारी है। बादल के पैतृक गांव में शोक की लहर है।
भगवंत मान ने कही यह बात
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर ट्वीट कर शोक जताया। उन्होंने लिखा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन का दुखद समाचार मिला… वाहेगुरु दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और परिवार को दुख सहने की शक्ति दें।
पंजाब के विकास में बादल का योगदान अतुलनीयः राज्यपाल
राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने प्रकाश सिंह बादल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। एक शोक संदेश में राज्यपाल पुरोहित ने कहा कि प्रकाश सिंह बादल भारतीय राजनीति में एक महान शख्सियत और ऐसे नेता थे, जिन्होंने विशिष्टता के साथ पंजाब के लोगों की सेवा की। बादल ईमानदार, ज्ञान और करुणामय व्यक्ति थे, जिन्होंने अपना जीवन हमारे लोगों की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। वह पंजाब के सच्चे सपूत थे, जिन्होंने राज्य और यहां के लोगों के हितों को बढ़ावा देने के लिए अथक प्रयास किया। ‘मैं प्रकाश सिंह बादल के परिवार और दोस्तों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। इस कठिन समय में मेरे विचार और प्रार्थना उनके साथ है। प्रकाश सिंह बादल की आत्मा को शांति मिले।’










