रांची : केंद्र सरकार के खिलाफ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। देश में बढ़ रहे भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के मुद्दे पर 19 मई को राज्य स्तरीय वाम कन्वेंशन धुर्वा स्थित पुराने विधानसभा में होगा। इसकी जानकारी राजधानी रांची स्थित सीपीआई ऑफिस में प्रेस वार्ता कर वाम दल के नेताओं ने दी। उन्होंने कहा कि लाल झंडे के लोग 19 मई को एक मंच पर आ रहे हैं और 2024 के चुनाव से पहले हमारी ओर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा। हमलोग झारखंड में राजनीतिक विकल्प लाने की कोशिश करेंगे।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में बीजेपी की सरकार भ्रष्टाचार को बढ़ा रही है। जिस तरीके से मणिपुर में गैर आदिवासी और आदिवासियों को लड़ाने का काम किया इससे यह अनुमान लग रहा है कि बीजेपी सरकार जनता में विभाजन उत्पन्न करने का काम कर रही है। यह झारखंड में हम चलने नहीं देंगे। जनता के सवालों को लेकर हम 19 तारीख को कन्वेंशन कर रहे हैं।
वामदल इकट्ठा होकर मोर्चा खोल रहे हैं। इस मोर्चा का खोलने का उद्देश्य यह है कि हमारे देश के संविधान पर हमला हो रहा है। साथ ही शिक्षा और रोजगार पर सरकार के द्वारा हमला हो रहा है। इन जैसे विषयों को लेकर मंथन किया जाएगा। इस साल के अंत में वामदल एक बड़ी वाम रैली निकालेगी।









