सरायकेला खरसावां : जिले के कांड्रा- चौका मार्ग पर भीषण सड़क हादसे में सोमवार सुबह 5ः30 बजे एक तेज गति से आ रहे ट्रक और हाइवा की सीधी टक्कर हो गई। जिससे दोनों गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। सड़क दुर्घटना में हाइवा और ट्रक चालक की दबने से मौके पर मौत हो गई।
घटना सोमवार तड़के सुबह 5ः30 बजे कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत रघुनाथपुर गांव के नजदीक कांड्रा से चौका और चौका से कांड्रा की तरफ़ जा रहे हाइवा और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस भीषण सड़क हादसे में दोनों चालक की मौत हो गई। मृतक हाइवा चालक की पहचान ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत काठगोड़ा निवासी 40 वर्षीय रामदास कर्मकार और ट्रक चालक की पहचान नीमड़ीह थाना क्षेत्र अंतर्गत रघुनाथपुर के 38 वर्षीय विजय महतो के रूप में की गई है।
घटना के बाद तकरीबन 2 घंटे तक दोनों वाहन के चालकों के शव गाड़ियों में फंसे रहे। जिन्हें कड़ी मशक्कत करने के बाद पुलिस के सहयोग से क्रेन और जेसीबी के माध्यम से अलग कर निकाला गया। घटना के बाद पुलिस द्वारा दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।









