रांची : नए संसद भवन का उद्घाटन, पहलवानों पर एफआईआर सहित कई मुद्दों पर जेएमएम ने मोदी सरकार को घेरा। केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि कल जो कुछ भी हुआ इससे लोकतंत्र शर्मसार हो गया।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कल का दिन देश के लोकतंत्र के हिसाब से ऐतिहासिक दिन रहा। सिर्फ एक व्यक्ति कह रहा था मेरे अलावा कोई नहीं है।
बेटियों को कुचला
संसद भवन उद्घाटन को लेकर सुप्रियो ने केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों उद्घाटन न करवाना ये दर्शाता है कि हमसे बड़ा कोई नहीं है। जब मोदी भाषण दे रहे थे, उससे एक किमी के आसपास बेटियों को कुचला जा रहा था। मोदी बलात्कारी सांसद का साथ दे रहें हैं। जबकि उसपर कई हत्याओं में नाम दर्ज है। बहुत सारे मामले हैं। उसको सामने बैठाकर लोकतंत्र को तार तार किया जा रहा था। सत्यमेव जयते की बात कर रहे थे।
केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि कल पूरा लुटियंस जोन केवल तंत्र के लिये था लोक के लिये नहीं। सिर्फ फ्रेम में मोदी थे। कल पूर्व राष्ट्रपति को बुलाया गया था, लेकिन आदिवासी महिला जो महामहिम हैं उनको दरकिनार कर दिया गया। हमारे देश की पहलावन बेटियां जो सोना (मेडल) लाती हैं, उनके साथ क्या हो रहा है?
‘लोकतंत्र को कुचला जा रहा है’
इसके अलावा उन्होंने कल उज्जैन में आंधी से गिरे मुर्तियों पर तंज कसते हुए कहा कि 850 करोड़ में महाकाल का कॉरिडोर बना, लेकिन एक आंधी में कई मुर्तियां गिर गई। सप्तऋषियों में 6 ऋषि की मूर्ति नीचे आ गयी। इस घटना में भक्तों की भी मौतें हुई है। देश अब किस रास्ते की ओर जा रहा है। लोकतंत्र को कुचला जा रहा है। कल का दिन हम सबको शर्मसार कर दिया। हम सबको सोचने की जरुरत है।









