धनबाद : झारखंड के विश्वविद्यालयों और कॉलेज के शिक्षकों और कर्मियों की नाराजगी कम नहीं हो रही है। गर्मी छुट्टी में कटौती को लेकर उनका आंदोलन अभी भी जारी है। शिक्षकों का कहना है कि छुट्टी हमारा अधिकार है। हम अपने हक में कटौती बर्दाश्त नहीं करेंगे। उनका मानना है कि सभी विश्वविद्यालयों का अपना पाठ्यक्रम और कार्यक्रम निर्धारित है। इसमें अचानक परिवर्तन करना या कोई निर्णय थोप देना शिक्षकों पर दबाव बनाने जैसा है। इसे शिक्षक अपने तर्कों के आधार पर अमानवीय, अनैतिक और नियम विरुद्ध बताते हुए इस पर फिर से विचार करने की बात कर रहे हैं।
कॉलेज प्रोफेसर सरिता श्रीवास्तव ने मीडिया को बताया कि झारखंड विश्वविद्यालय के द्वारा छुट्टी कटौती को लेकर आज पूरे राज्य में 2 घंटे का अपने कॉलेज के गेट के बाहर तख्ती लेकर विरोध किया गया। कॉलेज गेट जाम कर प्रदर्शन किया जा रहा है। जबकि गर्मी छुट्टी, दुर्गा पूजा तथा क्रिसमस जैसे पर्व में भी छुट्टी कटौती की गई है, जो कहीं से न्याय उचित नहीं है। हम सभी शिक्षकों का छुट्टी कटौती किया गया है। जिससे पूरे झारखंड प्रदेश में एक दिवसीय 2 घंटे का गेट जाम कर प्रदर्शन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर कुलपति से वार्ता भी की गई है लेकिन वार्ता सफल नहीं हुई है। अगर हम सभी शिक्षकों को छुट्टी कटौती वापस नहीं लिया जाता है तो आगे और भी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।









