गांडेय (गिरिडीह) : जिले के गांडेय में कोरोड़ों रुपए की लागत से बनी नवनिर्मित प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन में भ्रष्टाचार की बू आ रही है। यहां छत का प्लास्टर टूट कर गिर गया। इस घटना में कई कर्मी व आम पब्लिक बाल बाल बच गए। इससे पहले भी गांडेय में निर्मित नए प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन का प्लास्टर बनने के साथ ही टूटकर गिरने लगा था। इसकी शिकायत की गई थी। इसके बावजूद ठेकेदार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन के दूसरे मंजिल की छत का प्लास्टर अचानक टूट कर सीढ़ियों पर गिर पड़ा। इस बीच सीढ़ियों से आवाजाही कर रहे कई कर्मी, पंसस मो. मुख्तार समेत कुछ ग्रामीण भी बाल बाल बच गए।
डीसी व सम्बंधित विभाग को किया जाएगा पत्राचार- बीडीओ
बीडीओ विजय कुमार ने कहा कि भवन निर्माण में अनियमितता की पूर्व में भी शिकायत की गयी थी। कहा कि नवनिर्मित भवन में पड़ रही दरार एवं प्लास्टर टूटने के मामले में उपायुक्त एवं सम्बंधित विभाग को पत्राचार किया जाएगा।










