रांची : राजधानी रांची के रिम्स अस्पताल से कुछ दिन पहले झारखंड के चतरा जिले की रहने वाली एक महिला ने एक साथ पांच बच्चियों को जन्म दिया था। आपको याद होगा उस समय यह चर्चा का विषय बना था। रिम्स की व्यवस्था की खूब तारीफ भी हो रही थी। डॉक्टर की निगरानी में बच्चों का देखभाल हो रहा था, लेकिन दुर्भाग्य से 5 में से चार बच्चों की मौत हो गई। अभी एक बच्ची रानी चिल्ड्रन हॉस्पिटल में जिंदगी और मौत से लड़ रही है। परिजनों ने सीधे तौर पर रिम्स की व्यवस्था पर सवाल खड़ा करते हुए आरोप लगाया कि 2 बच्ची की मौत लापरवाही से हुई। हालांकि प्रबंधन की ओर से बताया गया कि जिन दो बच्चियों की मौत पहले हुई थी, उनकी मौत का कारण लापरवाही नहीं बल्कि बच्ची के एब्नॉर्मल केस होने से हुई।
वहीं रानी चिल्ड्रन अस्पताल के डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए आईसीयू में भर्ती कराया है। जहां पर डॉक्टर गरिमा दीप्ति की निगरानी में बच्ची की देखभाल की जा रही है। बच्ची का इलाज कर रहे डॉक्टर गरिमा दीप्ति ने बताया कि गुरुवार को जब बच्ची को एडमिट किया गया था तो उसकी स्थिति काफी नाजुक थी और अभी नाजुक बनी हुई है।
बहरहाल रानी चिल्ड्रन हॉस्पिटल के फ्लोर मैनेजर अरविंद ने बताया कि परिजनों के पास आयुष्मान कार्ड है आयुष्मान कार्ड के तहत बच्ची का इलाज चल रहा है। अब उम्मीद यह की जानी चाहिए कि बच्ची ठीक हो जाए। परिजनों ने सरकार से मदद की गुहार लगाई है, ताकि बच्ची का इलाज ठीक ढंग से हो सके।










