चतरा : शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से सदर अस्पताल चतरा में एसएनसीयू वार्ड स्थापित किया गया है। लेकिन यह वार्ड इन दिनों भगवान भरोसे चल रहा है। वार्ड की स्थिति का अंदाजा महज इसी बात से लगा सकते हैं कि वार्ड में भर्ती किए जाने वाले वैसे बच्चे जिन्हें प्रसव के तत्काल बाद पीलिया होने, सांस की तकलीफ तथा वजन कम होने जैसी परेशानी होती है। वैसे नौनिहाल को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए वार्ड को पूरी तरह से वातानुकूलित बनाया गया है।
एक माह से सभी एसी खराब
इस बात को ध्यान में रखते हुए वार्ड में कुल 7 एसी लगाए हैं। लेकिन एक माह से सभी एयरकंडीशन खराब पड़ा हुआ है। इसकी सूचना एसएनसीयू प्रभारी के द्वारा करीब 20 दिन पूर्व में ही उपाधिक्षक डॉ मनीष लाल को दी गई थी। बावजूद उनका ध्यान इस ओर नहीं गया। अगर उनका ध्यान इस ओर थोड़ा सा भी जाता तो खराब पड़े सभी एसी में कुछ ना कुछ तो जरूर चल रहा होता ।
‘चूहे ने काट दिए एसी के वायर’
डीएस डॉ मनीष लाल ने कहा कि एसी के वायर चूहे ने काट दिए और इनमें गैस खत्म हो गया। अगर डीएस की ही बातों पर गौर करें तो उनकी लापरवाही उजागर होती दिखाई देगी। फिलहाल वार्ड का तापमान पंखों के सहारे मेंटेन किया जा रहा है। बताते चलें कि एसएनसीयू कक्ष अस्पताल के उपरी तल्ले पर स्थापित किए जाने के कारण वहां अधिक गर्मी पड़ती है। ऊपर से एसी खराब है। ऐसे में अगर किसी बच्चे के साथ कोई हादसा हो जाए तो इसका जिम्मेदार कौन होगा।
हालांकि इस बाबत पूछे जाने पर सिविल सर्जन डॉ श्यामनंदन सिंह ने कहा कि एसी खराब होने की सूचना मिली है। डीएस को उसे अविलंब दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी खराब एसी को दुरुस्त करा लिया जायेगा।










