निरसा (धनबाद) : चिरकुंडा बिजली विभाग के उदासीन रवैये से स्थानीय उपभोक्ता काफी परेशान है। दरअसल पिछले अप्रैल माह से उपभोक्ताओं का किसी तरह का ना ही मीटर रीडिंग किया गया है और ना ही बिजली बिल थमाया गया है। इसको लेकर लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर दिखा।
सोमवार को उपभोक्ता बिजली आफिस पहुंचकर हंगामा किया। उपभोक्ताओं का कहना था कि बिजली विभाग अपने लचर व्यवस्था के कारण आम लोगों को परेशान करने का काम कर रही है। बिजली बिल का बकाया होते ही बिजली का कनेक्शन काटने का काम करती है। पिछले तीन माह से विभाग द्वारा मीटर रीडिंग का काम नहीं कराया जा रहा है, और ना ही किसी तरह का बिल उपभोक्ताओं को दिया गया है। ऐसे में एक साथ तीन चार माह का बिल आता है तो हम उपभोक्ता कहां से बिल दे पाएंगे। विभाग की गलती का खामियाजा आखिर हम उपभोक्ताओं क्यों भुगते।
वहीं विभाग की बिलिंग सुपरवाइजर सरिता कुमारी ने बताया कि ऊर्जा मित्र जो मीटर रीडिंग का काम करते थे उनको पिछले 11 माह से वेतन विभाग ने नहीं दिया है। ऐसी सूरत में ऊर्जा मित्र मीटर रीडिंग का काम कैसे करेंगे। आखिर कब तक बिना वेतन का काम करेंगे। वहीं सरिता ने बताया कि आज उपभोक्ताओं को जो भी दिक्कत झेलना पड़ रहा है, उसमें विभाग पूरी तरह से दोषी है।










