गावां (गिरिडीह) : एनजीटी ने 10 जून से 15 अक्टूबर तक नदी घाटों से बालू उठाव पर रोक लगा दी है। इसके बावजूद गावां प्रखंड के सकरी नदी, बेन्ड्रो नदी, पछियारीडीह नदी समेत कई जगहों से बालू का काला कारोबार पूरे परवान पर है। धड़ल्ले से बालू का उठाव किया जा रहा है। बालू के अवैध कारोबार में शामिल चंद लोग मालामाल हो रहे हैं। वहीं सरकार को प्रतिदिन राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है।
इस काले कारोबार को रोकने की कोई पहल प्रशासन की ओर से नहीं की जा रही है। जिस कारण अवैध धंधे में शामिल लोगों का मनोबल बढ़ गया है। तस्कर दिन दहाड़े व रात के अंधेरे में या अहले सुबह प्रखंड के विभिन्न नदियों से बालू का उठाव अनवरत कर रहे हैं। जिसे थाना मोड़, डाबर मोड़ समेत कई रास्तों से तीसरी प्रखंड व राजधनवार प्रखंड भेजा जा रहा है।
धंधेबाजों को प्रशासन का भय नहीं
इस धंधे में शामिल लोगों को प्रशासन का तनिक भी भय नहीं है। बताते हैं कि सकरी नदी के बालू को थाना मोड़ सहित विभिन्न रास्तों से निकाला जा रहा है, वहीं बेन्ड्रो नदी से बालू को सेरुआ व बेन्ड्रो के रास्ते मुख्य मार्ग होते हुए आपूर्ति स्थान तक भेजा जाता है।
अहले सुबह से ही होता है बालू उठाव
जानकारी के अनुसार हर दिन इन नदियों से लगभग सौ ट्रैक्टर बालू लोडकर तीसरी व राजधनवार प्रखंड के दोनों थाना क्षेत्रों के निर्धारित स्थानों तक पहुंचाया जाता है। एक ट्रैक्टर बालू की कीमत दूरी के अनुरूप ढाई से तीन हजार रुपये तक वसूला जाता है। गावां थाना क्षेत्र के विभिन्न नदियों से अहले सुबह से ही ट्रैक्टरों के माध्यम से बालू उठाव किया जाता है। डीएमओ सतीश नायक से सम्पर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ आया।










