धनबाद : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर धनबाद के विभिन्न जगहों पर लोगों ने योग किया। रांगाटांड स्थित रेलवे के सामुदायिक भवन, सिंफर जगजीवन नगर में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में धनबाद डीआरएम और सीनियर डीआरएम शामिल हुए। विधायक राज सिन्हा धनबाद उपायुक्त समेत सैकड़ों लोगों ने अलग-अलग जगहों पर योग किया। साथ ही जीवन में स्वस्थ रहने को लेकर योग करने की सलाह भी दी।
पूर्वी टुंडी : खेल मैदान में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूर्वी टुंडी प्रखंड कार्यालय के समीप खेल मैदान में वसुधैव कुटुंबकम के मंत्र के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिप सदस्य जेबा मरांडी, भारतीय जनता पार्टी के किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष एवम योग जिला किसान प्रभारी महादेव कुंभकार, पंचायती राज पदाधिकारी अनवर हुसैन अंसारी एवं अंचल एवं प्रखंड के सभी कर्मी गण मौजूद थे। इसके अलावा प्रखंड के ग्रामीण भी मौजूद थे। वरिष्ठ योग शिक्षक शशि भूषण कुमार ने विभिन्न प्रकार के प्राणायाम और योग के नियम बताए।










