रांची : रांची पुलिस ने रविवार को दो अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। पहला मामला सिल्ली थाना क्षेत्र का है जहां आपसी विवाद में चाकूबाजी से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। जिसमें चार अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरा नामकुम थाना क्षेत्र का है, जहां 1 किलो 280 ग्राम अफीम के साथ दो तस्करों को दबोचा है। दोनों ही मामले में पुलिस ने 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। वहीं अफीम के साथ कई सामान बरामद किया है। इन पूरे मामले की जानकारी ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी।
मामूली बात पर चाकू से गोदकर हत्या
ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने कहा कि सिल्ली थाना क्षेत्र के जुमला में 22 जून की शाम बच्चियां खेल रहीं थीं। किसी बात को लेकर दोनो में झगड़ा हो गया। झगड़ा हो देख दोनों के परिजन छुड़ाने के लिए आ गए, तब तक दोनो पक्ष के बीच मामला तुल पकड़ गया और गाली-गल्लौज करने लगे। इसके बाद धमकी देते हुए वहां से चले गए। कुछ देर बाद आरोपी बासुदेव मुंडा अपने तीन साथी के साथ पारो देवी के पति को पकड़ लिया और चाकू निकालकर पेट में मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे रिम्स में भर्ती कराया गया जहां उसकी ईलाज के क्रम में 24 जून को मौत हो गई।
एसएसपी किशोर कौशल के निर्देश पर सिल्ली पुलिस उपाधीक्षक खिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर घटना में शामिल चारों अपराधियों को पुलिस ने दबोच लिया। जिनकी गिरफ्तारी हुई है उनका नाम बासुदेव मुंडा, बाबुलाल मुंडा, अर्जून मुंडा और सुनिल मुंडा है। पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त चाकू, हत्या के समय अभियुक्त बादेव मुंडा द्वारा पहना हुआ खून लगा फुलपैंट और दो खून लगा पत्थर बरामद किया है।
नामकुम में 1 किलो 280 ग्राम अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने दूसरा मामला नामकुम थाना क्षेत्र की जानकारी दी। जहां 1 किलो 280 ग्राम अफीम के साथ दो तस्करों को पकड़ा। जिसकी कीमत लगभग 1.50 लाख रुपए है। उन्होंने बताया कि गुप्ता सूचना पर सहायक पुलिस अधीक्षक (मु.) प्रथम मुमल राजपुरोहित के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम व्यांगडीह बाजारटाड़ स्ािित मंगल महतो के घर पर छापेमारी किया गया। पुलिस को देखकर दो व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगे, जिसे पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा। पकड़ाये व्यक्तियों ने अपना नाम डीडू अहीर, और मंगल महतो बताया।
सहायक पुलिस अधीक्षक (मु.) प्रथम मुमल राजपुरोहित ने डीडू अहीर की जांच की तो उसके दाहिने हाथ में पॉलीथिन में रखा भूरा रंग का अफीम मिला। बरामद अफीम कुल एक किलो 280 ग्राम है। पूछताछ पर दोनों तस्करों ने पुलिस को बताया कि ये लोग अफीम का पुड़िया बनाकर रांची में बेचने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ग्रामीण एसपी ने बताया कि अफीम की बाजार भाव लगभग 1.50 लाख रुपए है।










