चतरा : जिले के उत्तरी वन प्रमंडल अंतर्गत प्रतापपुर में वन कर्मियों के द्वारा वृद्ध को उठक बैठक कराने का मामला तूल पकड़ने लगा है। वन कर्मियों के गैर जिम्मेदाराने करतूत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा है। जिसके बाद चतरा जिले समेत पूरे प्रदेश में सियासी भूचाल मच गया है।
मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कानून व्यवस्था व सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने वायरल वीडियो को ट्वीट करते हुए कहा है कि माफिया पूरे जंगल को काटकर ले जा रहे हैं और वन विभाग एवं सरकार गरीब आदिवासियों को पकड़कर उठक बैठक करवाने में लगी हुई है।
पूर्व मुख्यमंत्री के वायरल वीडियो में ट्वीट कर सरकार पर हमला बोलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए डीसी को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिए हैं। वहीं मुख्यमंत्री के आदेश के बाद डीसी अबु इमरान ने भी डीएफओ राहुल मीना को मामले में शामिल दोषियों को चिन्हित कर कार्रवाई करने की बात कही है।
पीड़ित बुजुर्ग किसान ने मामले को लेकर पूछे जाने पर बताया कि वह जंगल से खेतों में लगाए गए फसल को घेरने के लिए पुटुस प्रजाति के झाड़ी को लेकर आ रहा था। इसी दौरान बीच सड़क पर वनकर्मियों ने उसे रोककर उठक बैठक करवाया। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे पत्रकारों ने इसका वीडियो बनाया।










