लातेहार : जिले के बरवाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत दो दलित लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म के दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने गढ़वा से दबोच लिया है। गिरफ्तार मुख्य आरोपियों का नाम चिंटू मिश्रा और मनोवर अंसारी है। दोनों गढ़वा के रहने वाले हैं। जबकि इससे पहले चार आरोपियों को 7 जुलाई को ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
29 जून को दर्ज हुआ था अपहरण का मामला
इस बाबत एसपी अंजनी अंजन ने गुरुवार को मीडिया को बताया कि गत 29 जून को बरवाडीह थाना क्षेत्र की दो लड़कियों के अपहरण का मामला दर्ज हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया। एसआईटी ने गत 7 जुलाई को दोनों लड़कियों को गढ़वा से मुक्त करा लिया।
एक सप्ताह तक किया था गैंग रेप
लड़कियों ने पुलिस को बताया था कि वे लोग किसी काम से गढ़वा गए थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें गंतव्य तक पहुंचाने का झांसा देकर एक घर में ले गए और उन्हें कैद कर लिया। यहां एक सप्ताह तक दोनों लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
7 जुलाई को ही गिरफ्तार हुए थे चार आरोपी
इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गत 7 जुलाई को ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि घटना के मुख्य अभियुक्त चिंटू मिश्रा और मनोवर अंसारी को 13 जुलाई को गिरफ्तार किया गया। एसपी ने बताया कि इस घटना में कुछ अन्य लोग भी शामिल थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।










