पलामू : झारखंड प्रतियोगिता परीक्षा विधेयक 2023 को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने छात्र विरोधी बताया है। इस बिल के विरोध में एबीवीपी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया है। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा यह विधेयक पारित किया गया है जिसके अंतर्गत किसी भी छात्र के ऊपर परीक्षा में नकल करने का आरोप मात्रा लगने से ही उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसे परीक्षा देने से वंचित कर दिया जाएगा। चाहे आगे चलकर उस पर आरोप सिद्ध हो अथवा ना हो फिर भी उसका जीवन बर्बाद हो जाएगा।
कार्यकर्ता गणपति धर्मशाला से छात्र विरोधी सरकार मुर्दाबाद… काला कानून वापस लो… जैसे नारेबाजी करते हुए थाना रोड से होते हुए छहमुहान चौक पर पहुंचे और वहां मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक रोहित देव ने कहा कि यह कानून केवल वैसे छात्र समुदाय को चिह्नित कर उन्हें परेशान करने के लिए बनाया गया है जो लगातार सरकार के गलत नीतियों का विरोध कर रहे हैं। वर्तमान सरकार इस कानून पर पुनर्विचार कर इसमें आवश्यक बदलाव करना चाहिए नहीं तो विद्यार्थी परिषद सड़क से सदन तक बड़ा आंदोलन खड़ा करेगा।
विभाग संयोजक गोविंद मेहता, गीतांजलि कुमारी, सुरभि कुमारी, प्रकाश पांडेय, राहुल कुमार, आकाश वर्मा, उज्जवल पांडेय, रोहन सोनी, शिवानंद कुमार, हिमांशु सिंह, सौरभ कुमार, संगीता कुमारी, कोमल कुमारी आदि मौके पर उपस्थित थे।










