सरायकेला खरसावां : जिला के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में दुकानदार से रंगदारी मांगने के नाबालिग आरोपियों को थाना प्रभारी राजन कुमार द्वारा पकड़ने के बाद पैदल बाजार में परेड कराने का मामला सामने आया है। थाना प्रभारी ने मामले में आरोपित चार नाबालिगों को पकड़ा है, जिन्हें बाजार में पैदल घुमाने के बाद थाने लाया गया।
आरोपित नाबालिगों को पकड़ने के बाद थाना प्रभारी द्वारा पत्रकारों को बताया गया कि सभी आरोपी नाबालिग हैं और इनके विरुद्ध पूर्व में कोई मामला दर्ज नहीं है। लिहाजा एसपी और एसडीपीओ से प्राप्त निर्देश के बाद इनके विरूद्ध मामला दर्ज नहीं किया जा रहा है। जबकि शनिवार रात दिंदली बाजार स्थित दुकानदार प्रेम कुमार से इन नाबालिगों द्वारा रंगदारी की मांग की गई थी। जहां दुकानदार द्वारा पिस्तौल दिखाने की बात भी कहीं गई थी। हालांकि पुलिस द्वारा आरोपियों के पास से हथियार बरामद नहीं किया गया।
पुलिस का दावा है कि इनके पास केवल तेज धारदार एक हथियार मिला है। वहीं नाबालिग आरोपियों को पकड़कर बाजार में परेड कराए जाने संबंधित मामले को लेकर जब सरायकेला एसपी आनंद प्रकाश से बात की गई तो उन्होंने कहा कि फिलहाल मामला उनके संज्ञान में नहीं है।
एसपी ने कहा कि यदि ऐसा कोई मामला संज्ञान में आता है, तो दोषी थाना प्रभारी पर निश्चित तौर से कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि नाबालिग आरोपियों को थाने में हिरासत में रखने के बजाय बालमित्र थाना में रखकर उनके साथ मधुर व्यवहार किए जाने का नियम है। यहां तक की नाबालिग से पूछताछ भी पुलिस को बिना वर्दी के करना है। लेकिन आदित्यपुर पुलिस द्वारा संभवतः इन सभी नियमों को दरकिनार किया गया है।









