रांची : चेक बाउंस से जुड़े मामले को लेकर रांची सिविल कोर्ट में बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल ने पूर्व के आदेश पर सशरीर हाजिरी लगाई। साथ में मामले की सुनवाई के दौरान आरोपी अभिनेत्री अमीषा पटेल ने खुद को बेकसूर बताते हुए अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार की। अमीषा पटेल को मामले में ट्रायल पेश करना पड़ेगा। मामले की सुनवाई डीएन शुक्ला की अदालत में हुई।
आपको बता दें कि चेक बाउंस से जुड़ा हुआ यह मामला 2018 का है। फिल्म देसी मैजिक बनाने के नाम पर अजय सिंह ने ढाई करोड़ अमीषा पटेल के खाते में ट्रांसफर किये। अजय कुमार सिंह लवली वर्ल्ड इंटरटेनमेंट के प्रोपराइटर हैं। फिल्म नहीं बनाने और पैसे वापस नहीं होने के बाद अजय कुमार सिंह ने निचली अदालत में शिकायतवाद दर्ज कराया। इसमें कहा गया था कि अमीषा पटेल ने उनके साथ धोखाधड़ी की है।
17 नवंबर 2018 को दर्ज हुआ था मामला
अमीषा पटेल के खिलाफ अरगोड़ा निवासी अजय कुमार सिंह ने कोर्ट केस 17 नवंबर 2018 को सीजेएम कोर्ट में की थी। अमीषा पटेल ने फिल्म देसी मैजिक बनाने के नाम पर अजय सिंह से 2.5 करोड रुपये ऐंठने का आरोप है। एकरारनामा के अनुसार जब फिल्म जून 2018 में रिलीज नहीं हुई तो अजय ने पैसे की मांग की। टालमटोल के बाद अक्तूबर 2018 में ढाई करोड़ एवं 50 लाख रुपए के दो चेक दिए, जो बाउंस हो गए। इसके बाद अजय सिंह ने मुकदमा किया। गौरतलब है कि अमीषा पटेल जल्द ही फिल्म गदर-2 में सनी देओल के अपोजिट नजर आएंगी।










