रामगढ़. सीएम हेमंत सोरेन रामगढ़ के नेमरा स्थित अपने पैतृक निवास पर आयोजित बाहा पर्व कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री सोरेन के साथ उनके परिजन भी मौजूद थे। साथ ही उन्होंने नेमरा में आम जनता की समस्याओं को भी सुना और अधिकारियों को समस्याओं के निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
बता दें कि बाहा पर्व की शुरुआत होली के दूसरे दिन से होती है। आदिवासी समाज में सदियों से यह पर्व मनाया जाता है। संथली समाज के लोग प्राकृति की पूजा के लिए बाहा पर्व को मनाते हैं। इस पर्व में पतझड़ के बाद पेड़ों में आने वाले नए पत्तों का स्वागत किया जाता है।
बाहा पर्व को संथाली आदिवासी समुदाय के लोग बड़े ही धूमधाम से मनाते हैं। इसमें सखुआ के पेड़ और फूलों का विशेष महत्व होता है। महिलाएं सखुआ के फूलों को अपने बालों में लगाती हैं। सीएम सोरेन इस पर्व में शामिल होने के लिए बुधवार को अपने गांव नेमरा पहुंचे। बुधवार को रात्रि विश्राम उन्होंने नेमरा में ही किया। वहीं हेमंत सोरेन के गांव पहुंचने से नेमरा में जश्न का माहौल है।