रांची. राजधानी के राजकीय अतिथिशाला में कांग्रेस से निलंबित नेता आलोक कुमार दुबे ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया। इसमें आलोक कुमार ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर जमकर निशाना साधा और गंभीर आरोप लगाया। साथ ही हाल में रामगढ़ उपचुनाव में कांग्रेस की हार का जिम्मेदार झारखंड कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष को बताया।
प्रदेश अध्यक्ष की लापरवाही से कांग्रेस की हुई हार
बता दें कि, विगत दिनों रामगढ़ उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की हार हुई थी। इस पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को आड़े हाथ लेते हुए निष्कासित कांग्रेस नेता आलोक कुमार दुबे ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अपने पद का दुरुपयोग करते हुए रामगढ़ उपचुनाव के प्रति ध्यान केंद्रित नहीं किया, बल्कि वह बोर्ड निगम के गठन पर अपना पूरा ध्यान लगाए हुए थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की कार्यप्रणाली और चुनाव के समय में उनके द्वारा की गयी लापरवाही की वजह से रामगढ़ उपचुनाव में कांग्रेस की हार हुई।
रामगढ़ उपचुनाव को गंभीरता से नहीं लिया
आलोक कुमार दुबे ने कहा कि रामगढ़ उपचुनाव को प्रदेश अध्यक्ष कभी भी गंभीरता से नहीं लिया। इस उपचुनाव में जिन नेताओं की भूमिका होनी चाहिए थी, उन्हें इस उपचुनावों से दूर रखा गया। इन तमाम बिंदुओं से स्पष्ट होता है कि वर्तमान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अपनी जिम्मेदारी को पूर्ण करने में असमर्थ दिख रहे हैं।