चतरा : झारखंड-बिहार की संयुक्त टीम ने बॉर्डर इलाकों में अवैध रूप से संचालित हो रहे आरा मिल के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। दोनों राज्यों के वन पर्यावरण एवं परिवर्तन विभाग के निर्देश पर अवैध रूप से संचालित 6 आरामिल ध्वस्त किया गया। वहीं स्टॉक किये गए 10 ट्रैक्टर व विभिन्न प्रजाति के लकड़ी का बोटा जब्त किया।
इन इलाकों में वन विभाग ने चलाया अभियान
वन प्रमंडल पदाधिकारी राहुल मीणा ने बताया कि वन पर्यावरण एवं परिवर्तन विभाग झारखंड सरकार के निर्देश पर चतरा वन प्रमंडल पदाधिकारी व इमामगंज वन प्रमंडल पदाधिकारी को सूचना मिली थी कि झारखंड-बिहार के बॉर्डर इलाकों में अवैध रूप से आरामिल संचालित हो रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए। दोनों राज्यों की वन विभाग के संयुक्त नेतृत्व में गठित प्रतापपुर थाना पुलिस व चतरा व इमामगंज वन विभाग की संयुक्त टीम ने सीमावर्ती क्षेत्र इमामगंज के पकरी, बसोना व सलैया में अवैध रूप संचालित हो रहे आरामिलों पर छापेमारी अभियान चलाई।
6 आरामिलों को बुलडोजर से किया गया ध्वस्त
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान टीम ने अवैध रूप से संचालित 6 आरामिलों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। वहीं आरामिल में स्टॉक की गई विभिन्न प्रजाति के 10 ट्रैक्टर लकड़ी बोटा को जब्त कर इमामगंज वन विभाग को सौंप दिया गया। उन्होंने बताया कि आरामिल मालिकों के विरुद्ध जल्द ही वन संहिता के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।










