- *झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत डंडई एवं धुरकी में विकास कार्यों को मिली गति, स्वच्छता और नशामुक्ति का दिया गया संदेश*
- *बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ, अबुआ आवास की लाभुक ने किया नए घर में गृह प्रवेश*
- *ग्रामीण क्षेत्रों में तालाब एवं सड़क निर्माण योजनाओं का शिलान्यास, विद्यालयों में प्रतियोगिताओं और लोकगीतों के माध्यम से झलकी झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत*
**************************************
गढ़वा। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा (17 से 28 नवंबर 2026) के अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों में विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। इसी क्रम में आज ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रखंड डंडई एवं धुरकी में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण विकास योजनाओं को गति देने के साथ-साथ स्वच्छता, नशामुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया।
*डंडई में बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ*
प्रखंड डंडई के डंडई बाजार में झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर उप विकास आयुक्त श्रीमती प्रेमलता मुर्मू द्वारा माल्यार्पण कर की गई। इसके पश्चात डंडई हाट परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान परिसर की साफ-सफाई कर सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने का संदेश दिया गया।

इसके उपरांत अबुआ आवास योजना के तहत निर्मित आवास की लाभुक श्रीमती उषा देवी को उनके नए घर में गृह प्रवेश कराया गया। इस अवसर पर लाभुक परिवार में खुशी का माहौल रहा। सरकार की आवास योजना के माध्यम से पक्के मकान का सपना साकार होने पर गृह प्रवेश कार्यक्रम ने स्थापना दिवस के उत्सव को एक विशेष स्वरूप प्रदान किया।
*पचौर में तालाब निर्माण योजना का शिलान्यास*
डंडई प्रखंड अंतर्गत ग्राम पचौर में कुशहर प्रसाद के खेत में तालाब निर्माण योजना का शिलान्यास किया गया। इस योजना का उद्देश्य जल संरक्षण एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जल संचयन की व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। तालाब निर्माण से कृषि कार्यों में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने तथा स्थानीय स्तर पर जल संसाधनों के संरक्षण में मदद मिलेगी।
*धुरकी में ग्रामीण सड़क निर्माण योजना का शिलान्यास*
वहीं, धुरकी प्रखंड अंतर्गत ग्राम करवा पहाड़ में इसाक अंसारी के घर से लोलकी सिवान तक जीएसबी सड़क निर्माण योजना का शिलान्यास किया गया। सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने से स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

दोनों प्रखंडों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता एवं नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। उपस्थित लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।
*विद्यालयों में प्रार्थना सभा, शपथ एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में जागी झारखंड के प्रति गौरव की भावना*
इधर, शिक्षा विभाग द्वारा झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह के तहत जिले के सभी विद्यालयों में ‘विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं का उत्सव’ थीम पर विभिन्न शैक्षणिक, रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को झारखंड के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध लोक एवं जनजातीय संस्कृति, महापुरुषों, वीर सपूतों एवं आंदोलनकारियों के योगदान से परिचित कराना तथा उनमें राज्य के प्रति गौरव एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
इस क्रम में विद्यालयों में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित कर विद्यार्थियों को झारखंड के इतिहास, राज्य गठन के संघर्ष, महान विभूतियों एवं राज्य की गौरवशाली विरासत की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को झारखंड के विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हुए सामूहिक शपथ दिलाई गई।
विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निबंध, क्विज एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने झारखंड की संस्कृति, इतिहास, प्राकृतिक संपदा, महापुरुषों के योगदान एवं विकास की संभावनाओं से जुड़े विषयों पर अपनी प्रतिभा और विचारों को प्रस्तुत किया।
इसके अतिरिक्त नृत्य प्रतियोगिता एवं पाठ्यक्रम से जुड़ी सांस्कृतिक गतिविधियों के अंतर्गत विद्यालयों में विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। इसमें शिक्षकों के साथ-साथ विद्यार्थियों ने भी झारखंड के पारंपरिक लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। लोकगीतों के माध्यम से राज्य की समृद्ध लोक परंपराओं, जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक संगीत एवं स्थानीय सांस्कृतिक पहचान की सुंदर झलक देखने को मिली।
इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने, स्थानीय कला एवं परंपराओं के संरक्षण तथा अपनी प्रतिभा को मंच प्रदान करने का अवसर मिला। साथ ही नई पीढ़ी को झारखंड की गौरवशाली विरासत से परिचित कराते हुए राज्य के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
*जनभागीदारी से विकास और सामाजिक बदलाव का संकल्प*
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीण परिवारों तक पहुंचाने के साथ-साथ आधारभूत संरचना के विकास, जल संरक्षण, स्वच्छता, नशामुक्ति एवं सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देना है। जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के समन्वय से जिले के सभी प्रखंडों में निर्धारित कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि स्थापना दिवस पखवाड़ा को जनभागीदारी, विकास और झारखंड की गौरवशाली विरासत के उत्सव के रूप में मनाया जा सके।










