- दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला 03 जुलाई को गढ़वा के टाउन हॉल में होगा आयोजित
- “रोजगार आपके द्वार” अभियान के तहत निजी क्षेत्र में रोजगार पाने का सुनहरा अवसर
*************************************
गढ़वा। श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखण्ड सरकार के जिला नियोजन कार्यालय, गढ़वा द्वारा राज्य के तकनीकी एवं गैर-तकनीकी योग्यताधारी अभ्यर्थियों को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से *”रोजगार आपके द्वार”* कार्यक्रम के तहत *दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला* का आयोजन किया जा रहा है।
यह रोजगार मेला *दिनांक 03 जुलाई 2026 (शुक्रवार)* को *प्रातः10:30 बजे से टाउन हॉल भवन, चिनियां मोड़, गढ़वा* में आयोजित होगा। मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित निजी नियोक्ता एवं कंपनियां भाग लेंगी तथा तकनीकी एवं गैर-तकनीकी क्षेत्रों के विभिन्न पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
रोजगार मेले में भाग लेने हेतु जिन प्रमुख संस्थानों एवं कंपनियों ने अपनी सहमति प्रदान की है, उनमें *बाबू दिनेश सिंह यूनिवर्सिटी, गढ़वा, कैरियर ट्री एचआर सोल्यूशन, टेरियर सिक्योरिटी गढ़वा, प्रेमसन्स मोटर्स, कैसपर माइक्रो फाइनेंस गढ़वा, एल एंड टी कंस्ट्रक्शन, ग्लोबल एलुमनी, एसआईएस बेलचम्पा, किसमती कॉलेज मेराल तथा राजघराना (नेक्सट) गढ़वा* सहित अन्य निजी प्रतिष्ठान शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों की अन्य कंपनियों एवं नियोजकों को भी मेले में भागीदारी हेतु आमंत्रित किया गया है, जिनकी सहभागिता से रोजगार के अवसरों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।
इन कंपनियों द्वारा विभिन्न शैक्षणिक योग्यता एवं कौशल रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए अनेक रिक्तियां उपलब्ध कराई गई हैं। रोजगार मेला तकनीकी, गैर-तकनीकी, सुरक्षा, शिक्षा, वित्तीय सेवा, निर्माण एवं अन्य क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्रदान करेगा।
इस संबंध में *जिला नियोजन पदाधिकारी पंकज कुमार गिरि ने जिले के सभी शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों से अपील करते हुए कहा है कि वे इस रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर रोजगार प्राप्त करने के अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य योग्य अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराना है।
जिला नियोजन कार्यालय द्वारा सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, बायोडाटा, आधार कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर रोजगार के इस सुनहरे अवसर का लाभ प्राप्त करें।










