- गढ़वा जिला के अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना : प्रखण्डवार आवेदन सूची जारी, त्रुटि सुधार हेतु 10 नवम्बर तक दावा-आपत्ति आमंत्रित
गढ़वा। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित जिला चयन समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के आलोक में गृह रक्षक नव-नामांकन हेतु विज्ञापन संख्या-01/2025 प्रकाशित किया गया था। उक्त विज्ञापन के तहत जैप आई०टी० द्वारा उपलब्ध कराए गए आधिकारिक पोर्टल https://recruitment.jharkhand.gov.in के माध्यम से अभ्यर्थियों से दिनांक 26.12.2025 से 24.01.2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे।
अभ्यर्थियों से प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों एवं उनके साथ संलग्न प्रमाण-पत्रों के आधार पर सभी विवरणों की कंप्यूटर में प्रविष्टि की गई है। जिला चयन समिति द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार, उक्त सभी प्रविष्टियों की प्रखण्डवार Excel सूची गढ़वा जिला के आधिकारिक वेबसाइट https://garhwa.nic.in पर प्रकाशित की गई है।
- *01 नवम्बर से 10 नवम्बर तक दावा-आपत्ति का अवसर*
प्रकाशित प्रखण्डवार सूची में यदि किसी अभ्यर्थी को उनके द्वारा मूल आवेदन में भरे गए विवरण एवं आवेदन के साथ पूर्व में संलग्न प्रमाण-पत्रों के अनुरूप कोई अंकनीय अथवा टंकण संबंधी त्रुटि परिलक्षित होती है, तो संबंधित अभ्यर्थी निर्धारित अवधि के भीतर साक्ष्य सहित अपना दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
- *दावा-आपत्ति प्राप्त करने की अवधि निम्नवत निर्धारित की गई है*👇
– प्रारंभिक तिथि : 01 नवम्बर 2026
– अंतिम तिथि : 10 नवम्बर 2026
– समय : अपराह्न 05:00 बजे तक
– माध्यम : संबंधित प्रखण्ड के लिए निर्धारित ई-मेल आई०डी०।
- *दावा-आपत्ति के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश*👇
1. दावा-आपत्ति केवल संबंधित प्रखण्ड के लिए निर्धारित ई-मेल आई०डी० के माध्यम से ही स्वीकार की जाएगी।
2. प्रखण्डवार ई-मेल आई०डी० का विवरण गढ़वा जिला के आधिकारिक वेबसाइट www.garhwa.nic.in तथा जैप आई०टी० के आधिकारिक पोर्टल https://recruitment.jharkhand.gov.in पर उपलब्ध है।
3. दावा-आपत्ति के साथ त्रुटि के समर्थन में आवश्यक साक्ष्य संलग्न करना अनिवार्य होगा।
4. दावा-आपत्ति में केवल उन्हीं विवरणों के संबंध में सुधार का अनुरोध स्वीकार किया जाएगा, जिनकी जानकारी मूल आवेदन में दी गई थी अथवा जो आवेदन के साथ पूर्व में संलग्न प्रमाण-पत्रों से प्रमाणित होती है।
5. आवेदन के साथ पूर्व में संलग्न नहीं किए गए किसी भी नए प्रमाण-पत्र अथवा अन्य कागजात को दावा-आपत्ति के दौरान किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
6. निर्धारित अंतिम तिथि एवं समय के पश्चात प्राप्त किसी भी दावा-आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।
7. निर्धारित ई-मेल आई०डी० के अतिरिक्त किसी अन्य माध्यम से प्राप्त दावा-आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।
- *माह दिसम्बर 2026 में संभावित परीक्षा*
प्राप्त दावा-आपत्तियों के निराकरण के पश्चात् योग्य अभ्यर्थियों के लिए गृह रक्षक नव-नामांकन की अगली प्रक्रिया के तहत शारीरिक जाँच परीक्षा, लिखित परीक्षा, तकनीकी परीक्षा तथा दक्षता परीक्षा का आयोजन माह दिसम्बर 2026 में होना संभावित है।
अतः सभी अभ्यर्थियों से अपील की जाती है कि वे गढ़वा जिला के आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित प्रखण्डवार सूची का सावधानीपूर्वक अवलोकन करें तथा यदि उनके आवेदन से संबंधित कोई अंकनीय अथवा टंकण संबंधी त्रुटि हो, तो निर्धारित समय-सीमा के भीतर साक्ष्य सहित संबंधित प्रखण्ड के निर्धारित ई-मेल आई०डी० पर अपना दावा-आपत्ति अवश्य दर्ज कराएं।










