स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता की संवदेना एक बार फिर देखने को मिली। बहरगोड़ा से जमशेदपुर जाने वाले रास्ते में दुर्घटना में घायल व्यक्ति को उन्होंने खुद उठाकर स्कॉट वाहन की जिप्सी से एमजीएम अस्पताल भिजवाया। वहीं उन्होंने एमजीएम अधीक्षक को फोन कर हर संभव इलाज करने का निर्देश भी दिया। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के इस कदम की काफी सराहना हो रही है।
जानकारी के मुताबिक स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता बहरागोड़ा से जमशेदपुर आ रहे थे। इस दौरान उन्होंने सड़क के किनारे एक व्यक्ति को घायल पड़े देखा। उन्होंने मौके पर अपना काफिला रूकवाया। वे खुद घायल व्यक्ति के पास पहुंचे। वह अचेत हो गया था। उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ उक्त घायल व्यक्ति को अपनी ही कारकेड के जिप्सी में लिटा कर एमजीएम अस्पताल भिजवाया।
घटनास्थल से उन्होंने घायल व्यक्ति को कारकेड की जीप में इमरजेंसी अलर्ट करवा कर भेजा। इस दौरान उन्होंने अस्पताल तक जिप्सी के सुरक्षाकर्मियों को भी साथ भेजा है। एमजीएम प्रशासन को भी इलाज को लेकर अलर्ट कर दिया है।
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने इससे पहले भी सड़क किनारे घायल व्यक्ति की मदद की है। कुछ दिन पहले भी बेड़ो में एक सड़क दुर्घटना में घायल को उन्होंने रांची रिम्स भिजवाया था, जिससे उसकी जान बच गई थी। इससे पहले चांडिल और लोहरदगा में भी गुजरने के क्रम में उन्होंने काफिला रुकवा कर घायलों की मदद की थी।