उपायुक्त, गढ़वा शेखर जमुआर के निर्देश पर आज जिला आपूर्ति पदाधिकारी राम गोपाल पांडेय द्वारा समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गई एवं समस्याओं के निष्पादन हेतु संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया गया। आज के जनता दरबार में राशन, पेंशन, आवास, भूमि सीमांकन, नामांतरण, मजदूरी बकाया भुगतान, मुआवजा, रोजगार/नौकरी देने आदि समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए ग्रामीणों की बारी-बारी से समस्या सुनी गई एवं यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।

सर्वप्रथम छाया कुमारी पंचायत समिति सदस्य ग्राम पंचायत मेराल पूर्वी प्रखंड मेराल ने आवेदन पत्र समर्पित करते हुए बताया कि मेराल प्रखंड अंतर्गत मेराल पूर्वी पंचायत में अयोग्य लाभुकों को अबुवा आवास देने एवं ग्रामीण जनता से आर्थिक दोहन करने का मामला सामने आया है। उन्होंने बताया कि संबंधित पंचायत सेवक द्वारा अबुआ आवास के योग्य लाभुकों को लाभ न देकर अयोग्य लाभुकों को लाभ दिया गया है। उन्होंने अबुआ आवास योजना के तहत मेराल प्रखंड के मेराल पूर्वी पंचायत में गड़बड़ी होने का मामला बताया है और उन्होंने इस मामले की जांच कराते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। भंडरिया प्रखंड की प्रेमदानी कुजूर ने नया राशन कार्ड बनवाने हेतु आवेदन समर्पित किया है। उन्होंने बताया कि विगत वर्ष 2020 में ही नया राशन कार्ड बनवाने हेतु ऑनलाइन प्रक्रिया कराई गई है, जो कि अभी तक नहीं बन पाया है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन प्रक्रिया बीएसओ के लॉगइन में पेंडिंग है। अतः उन्होंने उक्त मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए नए राशन कार्ड बनवाने का आग्रह किया है। सदर प्रखंड के ग्राम जाटा कल्याणपुर निवासी सीता देवी, चिंता देवी, अनीता देवी एवं उषा कुमारी आदि ने रोजगार हेतु आवेदन देकर समाहरणालय परिसर गढ़व में माली के रूप में काम करने का आग्रह किया है। आवेदन के माध्यम से बताया कि वे लोग एक गरीब परिवार से आते हैं एवं आय श्रोत का कोई साधन नहीं है। प्रखंड कांडी के सोनपुरवा निवासी वीरेंद्र कुमार राम एवं कांडी प्रखंड के ही कुशहा निवासी अशोक यादव ने चौकीदार नियुक्ति प्रक्रिया की दौड़ में विज्ञापन के अनुसार समय नहीं देने के संबंध में आवेदन समर्पित किया है। उन्होंने बताया की दौड़ प्रक्रिया के दौरान तय समय 6 मिनट में 1600 मीटर की दूरी तय करनी थी, दोनों के लिए क्रमशः परंतु 5 मिनट 48 सेकंड एवं 5 मिनट 45 सेकंड में ही रस्सी खींचकर दौड़ प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई एवं उन्हें असफल घोषित कर बहाली प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया। उन्होंने दौड़ प्रक्रिया के दौरान किए गए वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच करते हुए पुनः बहाली प्रक्रिया में शामिल करने हेतु अनुरोध किया है।

इस प्रकार बारी-बारी से अन्य लोगों ने भी विभिन्न प्रकार की समस्याओं को पदाधिकारी के समक्ष रखा। आमजनों से प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारीयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।










