- अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई: चार भट्ठियाँ ध्वस्त, 120 लीटर शराब बरामद
गढ़वा: जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं कारोबार के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा सख्त एवं निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री अनन्य मित्तल के निर्देशानुसार तथा अधीक्षक उत्पाद श्री संजीत देव के पर्यवेक्षण में दिनांक 05 मई 2026 को एक विशेष छापेमारी अभियान संचालित किया गया।
यह अभियान बरडीहा थाना क्षेत्र के ग्राम सुखनदी एवं मझिआंव थाना क्षेत्र के ग्राम दुबे तहले में चलाया गया। छापेमारी के दौरान प्रशासनिक टीम ने सक्रियता दिखाते हुए अवैध चुलाई शराब के निर्माण स्थलों पर कार्रवाई करते हुए कुल चार भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। मौके से लगभग 120 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई, जबकि शराब निर्माण में प्रयुक्त जावा-महुआ करीब 1500 किलोग्राम को तत्काल नष्ट कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान एक अवैध शराब भट्ठी संचालक आशीष कुमार, निवासी दुबे तहले, को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, इस मामले में संलिप्त अन्य तीन आरोपित-बिगु राम (दुबे तहले), लालमन यादव (सुखनदी) एवं विनय यादव (सुखनदी) के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत फरार अभियोग दर्ज किया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के विरुद्ध इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अवैध गतिविधियों की सूचना प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि समाज को नशामुक्त, सुरक्षित एवं स्वस्थ बनाया जा सके।










