रांची : राजधानी रांची में मुहर्रम का जुलूस अलग- अलग क्षेत्रों से निकाला गया। मेन रोड, हिंदपीढ़ी, डोरंडा, फिरायालाल, अरगोड़ा सहित कई इलाकों से ताजिया का जुलूस निकाला गया है। जुलूस के दौरान जगह-जगह पर भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई है। कई स्थानों में कड़ी सुरक्षा के बीच हैरतअंगेज कारनामे दिखाए गए। एहतियातन जुलूस के गुजरने वाले सभी इलाकों के बिजली भी काट दी गयी है, ताकि कोई अप्रिय घटना नहीं हो सके।
मुहर्रम के 10वें दिन राजधानी रांची में शिया समुदाय के द्वारा मातमी जुलूस निकाला गया, जिसमें शिया समुदाय के लोग अपने आप को लहूलुहान कर मातम मना रहे है। जुलूस में काफी संख्या में शिया समुदाय की पुरुष और महिलाएं शामिल है। वहीं दूसरी तरफ ढोल और ताशा के साथ लाठी-डंडों और तलवारों से करतब दिखाते हुए मुस्लिम समुदाय के लोग देखे गए। साथ ही साथ मोहर्रम जुलूस में झांकी का भी आयोजन किया गया। मौके पर लॉ ऑर्डर का जायजा ले रहे एडीएम राजेश्वर नाथ आलोक मोहर्रम जुलूस के सुरक्षा की तैयारियों की जानकारी मीडिया को दी।

जुलूस निकालने वाले लोगों को शरबत से स्वागत
मेन रोड में निकाले गए जुलूस और झांकियां देखते ही बन रही है। इसके लिए जगह- जगह स्टॉल लगाकर जुलूस निकालने वाले लोगों को शरबत से स्वागत किया जा रहा है। झांकी में युवा अपनी खेल कौशल के कलाओं का भी प्रदर्शन भी कर रहे हैं। खिलाड़ियों ने गर्मजोशी के साथ अपने खेल का प्रदर्शन किया। कई इलाकों में ताजिया का जुलूस भी निकला। इसमें काफी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए। अलग- अलग हिस्से से खिलाड़ियों की टोली निकली। डंके और तासे की आवाज के बीच कई जुनून भरे खेलों का भी प्रदर्शन किया।
जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी तैनात
मातमी नारों के साथ निकले जुलूस की सुरक्षा में जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी तैनात थे। जुलूस में आकर्षक ताजिया भी बनाया गया है। झारखंड विधानसभा के प्रारूप के साथ- साथ चंद्रयान-3 के प्रारूप भी शामिल हैं।









