इंफाल : करीब दो महीने से मणिपुर जातीय हिंसा की आग में झुलस रहा है। शांति बहाली की तमाम कोशिशों के बावजूद हालात सुधरते नहीं दिख रहे हैं। इस बीच सूत्रों से जानकारी मिली है कि मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह शुक्रवार (30 जून) को इस्तीफा दे सकते हैं। वहीं, इस्तीफे की खबरों के बीच एन बीरेन सिंह मणिपुर की राज्यपाल अनुसुइया उइके से मुलाकात कर सकते हैं। जानकारी के मुताबिक, इस्तीफे की खबरों के बाद सीएम एन बीरेन सिंह के घर के बाहर काफी संख्या में उनके समर्थक इकट्ठा होने लगे हैं। मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह राज्यपाल से शुक्रवार दोपहर 3 बजे मुलाकात कर सकते हैं।
मनाने में जुटे कार्यकर्ता
सीएम बीरेन के इस्तीफे को लेकर जैसे ही राज्य अफवाहों की हवा तेज हुई, उनके कार्यकर्ता सीएम कार्यालय के बाहर जुटने लगे। लगभग 100 मीटर दूर नुपी लाल कॉम्प्लेक्स में सैकड़ों महिलाएं एकत्र हुईं और पूर्वाेत्तर राज्य में हुई हिंसा के मद्देनजर मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह से इस्तीफा नहीं देने का आग्रह किया।
महिला नेता क्षेत्रमयुम शांति ने कहा कि इस महत्वपूर्ण मोड़ पर बीरेन सिंह सरकार को दृढ़ रहना चाहिए और उपद्रवियों पर नकेल कसनी चाहिए।
कांगपोकपी में गोलीबारी से 3 की मौत
अधिकारियों ने कहा कि एक दिन पहले कांगपोकपी जिले में सुरक्षा बलों और संदिग्ध दंगाइयों के बीच गोलीबारी में मरने वालों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर तीन हो गई। आज ही एक और व्यक्ति की अस्पताल में मौत हो गई।
हथियारबंद दंगाइयों ने गुरुवार को हरओथेल गांव में बिना उकसावे के गोलीबारी की थी। सेना ने कहा कि सुरक्षा बलों के जवानों ने स्थिति से निपटने के लिए जवाबी कार्रवाई की और दंगाइयों को भगा दिया है। अधिकारियों ने बताया कि कांगपोकपी में महिलाओं के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को उन्हें गिरफ्तार करने की भी चुनौती दी और आवाजाही को रोकने के लिए सड़क के बीच में टायर जला दिए।









