*भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन*
*==================*
- *सुप्रीम कोर्ट के माननीय न्यायमूर्ति श्री अपरेश कुमार सिंह ने झारखंड पवेलियन का अवलोकन किया*
- *झारखंड पवेलियन में उमड़ी भीड़, पारंपरिक स्वाद का आकर्षण, रागी चॉकलेट, देसी अचार और आर्गेनिक शहद की बढ़ी मांग*
*===================*
*नई दिल्ली/रांची:- गुरुवार को भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में *सुप्रीम कोर्ट के माननीय न्यायमूर्ति श्री अपरेश कुमार सिंह* ने झारखंड पवेलियन का अवलोकन किया।इस दौरान
झारखंड पवेलियन में आगंतुकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक खानपान और स्थानीय उत्पादों को जानने तथा खरीदने के लिए बड़ी संख्या में लोग पवेलियन पहुंच रहे हैं। खासतौर पर झारखंड के पारंपरिक खाद्य उत्पादों और स्थानीय स्वादों को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। विभिन्न स्टॉलों पर रागी से बने उत्पादों, पारंपरिक अचार और जैविक शहद की बढ़ती मांग राज्य के स्थानीय उत्पादों की लोकप्रियता को दर्शा रही है।

झारखंड पवेलियन में रागी से तैयार लड्डू, नमकीन, चॉकलेट और ठेकुआ आगंतुकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। जोहार रागी स्टॉल की संचालिका अस्मिता ने बताया कि रागी के लड्डुओं को ग्राहकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। वहीं, रागी चॉकलेट की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि व्यापारिक दिवसों के दौरान ही इसकी पूरी खेप बिक गई। स्टॉल संचालिका सुषमा ने कहा, “हमें अंदाजा नहीं था कि रागी से बनी चॉकलेट को लोगों का इतना अच्छा प्रतिसाद मिलेगा।” रागी से तैयार पारंपरिक और नए उत्पादों की बढ़ती मांग न केवल झारखंड के स्थानीय स्वाद को पहचान दिला रही है, बल्कि राज्य के महिला उद्यमियों के लिए भी नए बाजार की संभावनाएं खोल रही है।
झारखंड पवेलियन में अरजनीत फार्म द्वारा प्रदर्शित विभिन्न प्रकार के प्राकृतिक शहद आगंतुकों के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। फार्म की खास पेशकश मोनोफ्लोरल शहद (एकल पुष्प स्रोत से प्राप्त शहद) है, जिसे मधुमक्खियां मुख्य रूप से किसी एक विशेष प्रकार के फूलों से रस एकत्र कर तैयार करती हैं। इस प्रक्रिया के कारण शहद में संबंधित पौधे या फूल के अनुरूप विशिष्ट स्वाद और सुगंध देखने को मिलती है। अरजनीत फार्म के स्टॉल पर नीम और तुलसी सहित विभिन्न पुष्प स्रोतों से प्राप्त शहद की कई किस्में उपलब्ध हैं।
स्टॉल संचालक पुनीत कंचन कुजूर ने बताया, “हमारा उद्देश्य लोगों को शहद की विभिन्न किस्मों और उनकी विशेषताओं से परिचित कराना है। आमतौर पर लोग शहद को एक ही तरह के उत्पाद के रूप में देखते हैं, जबकि अलग-अलग फूलों से प्राप्त शहद का स्वाद, सुगंध और प्रकृति अलग होती है। हमें खुशी है कि आगंतुक मोनोफ्लोरल शहद में विशेष रुचि दिखा रहे हैं और इसकी विभिन्न किस्मों को खूब पसंद कर रहे हैं। लोगों से मिल रहा सकारात्मक प्रतिसाद हमें प्रोत्साहित कर रहा है।”
IITF-2026 में झारखंड पवेलियन में उमड़ रही भीड़ और स्थानीय उत्पादों की लगातार बढ़ती मांग राज्य की पारंपरिक खाद्य संस्कृति, स्थानीय संसाधनों और उद्यमशीलता की व्यापक संभावनाओं को रेखांकित करती है।










