रांची. झारखंड विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा चरण आज से शुरू हुआ है। 12.30 बजे सदन की कार्रवाई शुरू हुई, लेकिन हंगामे की वजह से सदन दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। सदन की शुरुआत ही नियोजन नीति को लेकर हंगामे के साथ हुई। इस बीच बढ़ते हंगामे की वजह से विधानसभा अध्यक्ष ने सदन को 12.30 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। लेकिन फिर 12.30 बजे सदन की कार्रवाई शुरू हुई तो फिर हंगाम होने लगा, इसकी वजह से सदन दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
सदन की शुरुआत होते ही सबसे पहले रामगढ़ की नवनिर्वाचित विधायक सुनीता चौधरी ने शपथ लिया। विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें पद और गोपनियता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही भाजपा के विधायक सदन के अंदर नियोजन नीति को लेकर हंगामा कर रहे हैं। विपक्षी विधायकों के सदन के बाहर हंगामे के साथ झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे चरण का आगाज हुआ। सदन के बाहर सीढ़ियों में बैठे भाजपा के विधायकों ने हंगामा किया। जहां नियोजन नीति पर भाजपा के विधायकों ने साफ तौर पर कहा कि नियोजन नीति में 60-40 नाय चलतो।
भाजपा के विधायकों ने ठगने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की। भाजपा विधायक ढुल्लू महतो ने कहा कि यह सरकार युवा विरोधी है। वहीं विधायक नीरा यादव ने कहा कि युवा-युवतियों को ठगनेवाली सरकार को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए।