माननीय मंत्री, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग और उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग झारखंड सरकार, श्री मिथिलेश कुमार ठाकुर द्वारा समाहरणालय गढवा के सभागार में “अबुआ आवास योजना” एवं “मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना” को लेकर उपायुक्त शेखर जमुआर समेत सभी वरीय पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं प्रखंडों के पदाधिकारियों संग समीक्षा बैठक किया गया। बैठक के प्रारंभ में गढ़वा जिला आगमन पर उपायुक्त द्वारा माननीय मंत्री का स्वागत किया गया। बैठक में माननीय मंत्री द्वारा “अबुआ आवास योजना” पर चर्चा करते हुए उक्त योजना का लाभ अधिक से अधिक योग्य लाभुकों को पहुंचाने का निर्देश दिया गया। उक्त योजना को धरातल पर उतारने में जिला प्रशासन की भूमिका से अवगत कराया गया। उन्होंने कहा कि उक्त योजना राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, वर्ष 2027 तक राज्य के 20 लाख परिवारों को अबुआ आवास योजना का लाभ दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

वर्तमान में गढ़वा जिले को जो लक्ष्य दिया गया है उसे पारदर्शी तरीके से शत प्रतिशत पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। आगे उन्होंने कहा कि कुछ लाभुकों से यह शिकायत भी प्राप्त हो रही है कि कुछ बिचौलियों द्वारा अबुआ आवास योजना का लाभ दिलाने के एवज में पैसे की मांग की जा रही है। ऐसे में जिला प्रशासन इन बिचौलियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की बात कही। लाभुकों को यह भी भरोसा दिलाए की उनकी बारी आने पर उन्हें अवश्य अबुआ आवास योजना का लाभ दिया जाएगा, उन्हें योजना का लाभ लेने हेतु किसी को भी पैसे देने की कोई आवश्यकता नही है। उन्होंने उक्त योजना में राज्य सरकार के सभी गाइडलाइन का पूर्णता अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कहा कि अबुआ आवास योजना में अनियमितता बरतने की जनता से प्राप्त शिकायत पर अविलंब कार्रवाई करें। इसके अलावे राज्य सरकार की महत्वकांक्षी “मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना” पर चर्चा करते हुए माननीय मंत्री ने कहा कि उक्त के तहत अब 50 वर्ष की आयु से अधिक की महिलाएं एवं अनुसूचित जनजाति व अनुसूचित जाति के 50 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष पेंशन योजना का लाभ ले सकेंगे।

इसी के मद्देनजर जिले के ज्यादा से ज्यादा योग्य लाभुकों को पेंशन के लाभ से आच्छादित करने के मद्देनजर 20 फरवरी से 22 फरवरी तक जिले के सभी पंचायतों में विशेष शिविर का सफल आयोजन करने का निर्देश दिया गया। जिससे जिले के शत प्रतिशत सुयोग्य लाभुकों को योजना के लाभ से लाभान्वित किया जा सके। इस बैठक में मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, अपर समाहर्ता मतियश विजय टोप्पो, अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा/ रंका एवं श्री बंशीधर नगर समेत सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।










