रांची : देवघर के बाबा मंदिर में भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रांची पहुंची। रांची एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बिरसा चौक पहुंची जहां उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद राष्ट्रपति का काफिला फिरायालाल स्थित अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचा। यहां पर राष्ट्रपति अल्बर्ट एक्का को श्रद्धांजलि दी। इस बीच राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनके साथ मौजूद रहे। अल्बर्ट एक्का चौक पर अल्बर्ट एक्का को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद राष्ट्रपति का काफिला राजभवन पहुंचा। राजभवन में राष्ट्रपति अभी विश्राम कर रही हैं।
रांची एयरपोर्ट पर सीएम हेमंत ने किया स्वागत
इससे पहले बिरसा मुंडा हवाई अड्डा पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वागत किया। बता दें, राष्ट्रपति का तीन दिवसीय झारखंड दौरा आज से शुरू हो गया है। रांची में आज वे नए हाईकोर्ट भवन का उद्घाटन करेंगी। रांची पहुंचने से पहले राष्ट्रपति ने देवघर के बाबा मंदिर में पूजा अर्चना की। देवघर एयरपोर्ट पर राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने उनका स्वागत किया था। एयरपोर्ट से सीधे बाबा मंदिर पहुंचे जहां उन्होंने बाबा भोलेनाथ पर जलाभिषेक किया। इस दौरान उनके साथ राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे और कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, मंत्री मिथिलेश ठाकुर मौजूद रहे।
शाम में झारखंड हाई कोर्ट के नए बिल्डिंग का उद्घाटन
राष्ट्रपति शाम में 4ः40 बजे राजभवन से झारखंड हाईकोर्ट के लिए रवाना होंगी। 5 से 6 बजे झारखंड हाई कोर्ट के नए बिल्डिंग का उद्घाटन कार्यक्रम में रहेंगी। वहां वे नए हाईकोर्ट भवन का उद्घाटन करेंगी इसके बाद शाम 6ः10 बजे राजभवन वापस लौटेंगी।









