भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की संकल्प यात्रा का समापन रांची में होगा। 28 अक्टूबर को इस संबंध में एक वृहद कार्यक्रम होगा। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल होंगे। कार्यक्रम यहां के हरमू मैदान में होना है। जेपी नड्डा इस यात्रा के दौरान झारखंड को चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार रहने का संदेश देंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 28 अक्टूबर को रांची के हरमू मैदान में होने वाली संकल्प यात्रा समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। यात्रा का नौवां और अंतिम चरण 26 अक्टूबर से प्रारंभ होगा, जो 28 अक्टूबर को संयुक्त सभा के साथ संपन्न होगा। 26 अक्टूबर को बाबूलाल मरांडी बाघमारा विधानसभा क्षेत्र और 27 अक्टूबर को ईचागढ़ और सिल्ली विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगे।
समापन समारोह की तैयारी जोरशोर से शुरू हो चुकी है। इस दौरान 312 अमृत कलश भी राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपे जाएंगे। आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में नई दिल्ली में बनने वाले अमृत वाटिका के लिए झारखंड के स्वतंत्रता सेनानियों और वीर बलिदानियों के गांवों से इन कलशों में पवित्र मिट्टी का संग्रह किया गया है। राज्य के सभी 263 प्रखंडों और 49 नगर निकायों को मिलाकर जमा किए गए कुल 312 कलश संकल्प यात्रा के समापन कार्यक्रम के दिन हरमू मैदान पहुंचेंगे।