▫️उपायुक्त की अध्यक्षता में NCORD कमिटी से संबंधित बैठक सम्पन्न
▫️उपायुक्त ने नशामुक्त समाज के लिए सख्त कदम उठाने के दिए निर्देश
▫️मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री, भंडारण व तस्करी की रोकथाम हेतु किया निदेशित
▫️जिले के सभी स्कूलों, कॉलेजों एवं विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में नशा निरोधक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश
▫️मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री, तस्करी, भंडारण आदि की जानकारी टॉल फ्री नंबर- 14416/1800-89-14416 पर देने की आमजनों से अपील
आज दिनांक- 28 अक्टूबर 2026 को उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय वेश्म में NCORD (NARCOTICS CO-ORDINATION) Committee (मादक पदार्थों की तस्करी एवं रोकथाम) से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशीले पदार्थों की खेती, तस्करी, अवैध बिक्री व भंडारण एवं इसके दुष्प्रभाव को रोकने हेतु ठोस रणनीति पर चर्चा की गई। पुलिस उपाधीक्षक एवं ड्रग इंस्पेक्टर ने अब तक हुए कार्यवाई से उपायुक्त को अवगत कराया।

बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी (दक्षिणी) ई.बी. अब्राहम, पुलिस उपाधीक्षक (मु०) यशोधरा, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा राजेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगन्नाथ लोहरा, जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज, अधीक्षक उत्पाद, जिला तंबाकू नियंत्रण पदाधिकारी, ड्रग इंस्पेक्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर उपस्थित थें, जबकि सभी अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा जिला, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गढ़वा जिला, सभी बीडीओ व सीओ, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारीगण एवं सभी थाना प्रभारी आदि वर्चुअल रूप से उपस्थित थें।
उपायुक्त श्री मिश्रा ने कहा कि जिले में अफीम, गांजा, चरस एवं अन्य मादक पदार्थों की खेती या तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि यह केवल औपचारिक बैठक भर नहीं है, बल्कि जिले की सुरक्षा और आने वाले भविष्य की दिशा तय करने वाला ठोस कदम है।
जिला ड्रग इंस्पेक्टर गढ़वा को निर्देश दिया गया कि बिना डॉक्टर की पर्ची के कफ सिरप एवं नशीली दवाओं की बिक्री न हो एवं समय-समय पर दवा दुकानों के स्टॉक की संपूर्ण जांच करें। पुलिस विभाग से समन्वय बनाते हुए आवश्यकता अनुसार विभिन्न स्थानों पर छापेमारी आदि करने का भी निर्देश दिया गया। साथ ही जिले के स्कूलों-कॉलेजों, अन्य शैक्षणिक संस्थानों आदि में नशा विरोधी जनजागरूकता अभियान चलाने, दवा दुकानों की नियमित जांच करने तथा मादक पदार्थों की रोकथाम हेतु पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर समन्वित कार्रवाई करने पर भी विशेष बल दिया गया।
विद्यालयों एवं महाविद्यालयों तथा स्थानीय स्तर पर नशा विरोधी अभियान चलाने को लेकर विशेष रूप से जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक एवं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य नशामुक्त गढ़वा बनाना है और इसके लिए प्रशासन हर स्तर पर सख्त और ठोस कदम उठाने को प्रतिबद्ध है। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि यदि उन्हें मादक पदार्थों की जानकारी मिले तो टॉल फ्री नंबर- 14416/1800-89-14416 पर प्रशासन को अवगत कराएँ।
मादक पदार्थों की तस्करी, उत्पादन, परिवहन व भंडारण आदि पर प्रभावी प्रहार करने के लिए उपायुक्त ने जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया।










