मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को सफल बनाने हेतु राजनीतिक दलों के साथ समन्वय बैठक आयोजित
गढ़वा। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 80 गढ़वा विधानसभा क्षेत्र-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, गढ़वा कुमार मयंक भूषण की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के सफल एवं पारदर्शी संचालन को लेकर सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों, सचिवों तथा बीएलए-1 के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रत्येक चरण की जानकारी साझा करना तथा सभी संबंधित पक्षों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।

बैठक में आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, इंडियन नेशनल कांग्रेस, ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन, झारखंड मुक्ति मोर्चा तथा राष्ट्रीय जनता दल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त कार्यपालक दंडाधिकारी, गढ़वा अनुमंडल तथा अनुमंडल कार्यालय के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी भी बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची किसी भी लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला होती है। इसलिए यह आवश्यक है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा अपात्र, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाए जाएँ। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित इस विशेष अभियान में प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें और अपने-अपने स्तर पर मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।

बैठक के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की संपूर्ण प्रक्रिया एवं निर्धारित कार्यक्रम पर विस्तार से चर्चा की गई। राजनीतिक दलों को बताया गया कि 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक गणना चरण संचालित होगा, जबकि 29 जुलाई 2026 को मतदान केंद्रों का रेशनलाइजेशन किया जाएगा। इसके बाद 05 अगस्त 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। प्रारूप सूची पर 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्तियाँ प्राप्त की जाएँगी, जिनका निष्पादन 05 अगस्त से 03 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। सभी दावों एवं आपत्तियों के निष्पादन के उपरांत 07 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि सभी राजनीतिक दल अपने-अपने मतदान केंद्रों पर नियुक्त बीएलए-2 को संबंधित बीएलओ के साथ नियमित समन्वय स्थापित करने के लिए प्रेरित करें, ताकि पुनरीक्षण कार्य के दौरान प्राप्त सूचनाओं का समय पर सत्यापन हो सके और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करना तथा मतदाता सूची को पूर्णतः पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना है। इसके लिए प्रशासन और राजनीतिक दलों के बीच बेहतर समन्वय एवं सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में सभी उपस्थित प्रतिनिधियों ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ।










