Jharkhand Weather Alert : आज झारखंड में रावण दहन का कार्यक्रम होना है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में कई फीट ऊंचे रावण का निर्माण दहन के लिए किया गया है। लोगों में काफी उल्लास है। हालांकि, झारखंड का मौसम दहन कार्यक्रम का मजा किरकिरा कर सकता है। दरअसल, बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन की वजह से राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश के आसार हैं। इससे पुतले भीग सकते हैं और कार्यक्रम प्रभावित हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव का क्षेत्र पिछले छह घंटों के दौरान 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर की ओर बढ़ा और चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया. अगले 12 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर इसके एक तीव्र चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है. झारखंड के कई इलाकों में आसमान में काले-काले बादल देखे जा सकते हैं.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिम बंगाल से सटे झारखंड के इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी के मध्य में निम्न दबाव क्षेत्र बना हुआ है, जो अतिदाब क्षेत्र में बदलकर पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश तट की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, यह अगले 24 घंटों में तट से टकरा सकता है। तट से टकराने के बाद असर सिर्फ पश्चिम बंगाल से सटे इलाकों में ही दिखाई देगा। इसके प्रभाव से कहीं-कहीं अच्छी बारिश हो सकती है। इसका असर दुमका, साहेबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, रांची और आसपास के जिलों पर देखने को मिल सकता है।