गढ़वा जिला में सड़क हादसों को नियंत्रित करने समेत अन्य संबंधित विषयों को लेकर आज समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त गढ़वा शेखर जमुआर की अध्यक्षता में जिलास्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा के नियमों का अक्षरशः अनुपालन कराने के साथ हीं विगत दिनों में सड़क दुर्घटना के रोकथाम हेतु उपायुक्त द्वारा कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर कार्य करने हेतु दिशा निर्देश दिए गए। बैठक में सर्वप्रथम हिट एंड रन मामलों की उपायुक्त ने समीक्षा किया। जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश ने बताया कि जिले से 6 हिट एंड रन मामलों में मुआवजा भुगतान की राशि जनरल इन्सुरेंस कंपनी द्वारा स्वीकृत कर दी गई है। उपायुक्त ने मौके पर हीं मृतक के आश्रितों को आमंत्रित कर एक एक मुआवजा राशि से संबंधित 2 लाख रुपए का चेक सौंपा। इनमें मुख्य रूप से रमेश चौधरी, पिता- हीरा चौधरी ग्राम कोरगा, पोस्ट मड़वनिया, थाना रमना, जिनकी मृत्यु दिनांक 06.05.2022 को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हो गई थी, इनकी पत्नी सविता देवी को 2 लाख रुपए मुआवजा राशि भुगतान किया गया। इसी प्रकार परवेज आलम, पिता शमसुद्दीन अंसारी ग्राम अनराज नावाडीह, थाना गढ़वा निवसी की मृत्यु दिनांक 15.11.2022 को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हो गई थी, इनकी मां आसमा बीबी को 2 लाख रुपए मुआवजा राशि भुगतान किया गया। धीरज दिक्षित, पिता दिनेश दीक्षित, ग्राम सीदे कला, थाना गढ़वा निवासी की मृत्यु 15.04.2022 को अज्ञात वाहन के चपेट में आने से हो गई थी, इनके पिता धीरज दीक्षित को 2 लाख मुआवजा राशि भुगतान किया गया। संजय मिस्त्री, पिता कुल बिहारी मिस्त्री, ग्राम तेनार, थाना मेराल निवासी की मृत्यु 01.08.2022 को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हो गई, इनकी पत्नी सुजवंती देवी को 2 लाख रुपए मुआवजा राशि भुगतान किया गया। देवकी वियार, पिता परमेश्वर वियार, ग्राम मुकुंदपुर थाना केतार निवासी की मृत्यु दिनांक 9.02.2023 को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हो गई। इनके पुत्र दिनेश महतो को 2 लाख रुपए मुआवजा राशि भुगतान किया गया। रवि रंजन कुमार सिंह, पिता- जनार्दन सिंह, ग्राम पोस्ट करूई, थाना मंझिआंव की मृत्यु दिनांक 5.11.2022 को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हो गई थी। इनकी पत्नी रूबी देवी को 2 लाख रूपए राशि भुगतान किया गया। सभी आश्रितों को उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा 2 लाख रुपए का चेक सौंपा गया।
बैठक में उपायुक्त ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग NH 75 पर गढ़वा से नजदीक के सभी मुख्य स्थान की दूरी से संबंधित साइनेज गति सीमा से संबंधित साइनेज एवं रोड सेफ्टी से संबंधित उपकरणों को अधिस्थापित करने का निर्देश दिया। मौके पर उपस्थित कार्यपालक अभियंता द्वारा बताया कि जिले के कई स्थानों पर साइनेज का अधिष्ठापन कर लिया गया है एवं शेष बचे स्थान पर जल्द ही साइनेज लगाने की कार्रवाई कर ली जाएगी। उपायुक्त ने जिले में अवस्थित तीन ब्लैक स्पॉट अन्नराज घाटी, गुलरिया ढोड़ा एवं बुढ़ापरास के कार्य प्रगति के संबंध में जानकारी लिया एवं अन्नराज घाटी के curve (घुमाव) को सीधा करने का निर्देश दिया। NH के प्रतिनिधि को वन विभाग से समन्वय बनाते हुए कार्य करने का निर्देश दिया गया। बैठक में उपायुक्त ने जिले में रोड किनारे सूखे पड़े वृक्ष, जिनसे आय दिन सड़क दुर्घटना हो रही हैं, वैसे वृक्षों का आकलन कर वन विभाग से अनुमति लेते हुए वृक्षों के कटाई का निर्देश दिया। सिविल सर्जन से जानकारी लेते हुए उपायुक्त ने सदर अस्पताल तथा ट्रॉमा सेंटर में घायलों के उचित उपचार तथा एंबुलेंस सेवा बहाल करने को लेकर निर्देश दिया। सिविल सर्जन द्वारा बताया गया की 12 नई एंबुलेंस का परिचालन हो रहा है तथा पुराने 14 एंबुलेंस की मरम्मती कार्य हेतु जांच प्रतिवेदन के लिए मोटरयान निरीक्षक गढ़वा को पत्राचार किया गया है। शहर के मुख्य स्थानों पर सीसीटीवी का अधिष्ठापन करने को लेकर कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद को निर्देशित किया गया। साथ ही खराब पड़े स्ट्रीट लाइट की मरम्मती एवं नए स्ट्रीट लाइट लगाने को लेकर भी निर्देशित किया गया।
शहर में सड़क सुरक्षा नियमों का आवश्यक रूप से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि विभिन्न विद्यालयों एवं शहर के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाते हुए लोगों को यातायात नियमों की संपूर्ण जानकारी दें एवं उन्हें इन नियमों का पूर्ण रूप से अनुपालन करने हेतु प्रेरित करें। उन्होंने दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने का भी अपील किया। जिले के विभिन्न सड़कों पर व्हाइट पैच एवं रेडियम लगाने का भी निर्देश दिया गया। जिससे खराब विजिबिलिटी में भी सड़कों पर वाहन चलाने में लोगों को सहूलित हो। इस बैठक में मुख्य रूप से माननीय विधायक प्रतिनिधि, भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र, माननीय विधायक प्रतिनिधि, गढ़वा-रंका विधानसभा क्षेत्र समेत पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार पांडेय, असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, गढ़वा डॉ अवधेश सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश, डीएसपी मुख्यालय संतोष कुमार, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी साकेत कुमार पांडेय समेत NHAI कार्यपालक अभियंता, राष्ट्रीय उच्च पथ, पथ प्रमण्डल, मेदिनीनगर, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद्, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत, मझिआंव / श्री बंशीधर नगर एवं अन्य सम्बंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।