बेंगलुरु : कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के आज नतीजे आ रहे हैं। 8 बजे से वोटों की गिनती जारी है। रुझानों में कांग्रेस को बहुमत मिलता दिख रहा है। पार्टी 124 सीटों पर आगे है। वहीं, बीजेपी 69 सीटों पर आगे है। जबकि जेडीएस 24 पर आगे है। कांग्रेस ने बेंगलुरु के 5 स्टार हिल्टन होटल में 50 कमरे बुक किए हैं। जीते हुए विधायकों को रात 8 बजे तक होटल में पहुंचने के लिए कहा गया है। कल कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी। 10 मई को कर्नाटक की 224 सीटों पर मतदान हुआ था।
‘मोदी के आने से कुछ नहीं हुआ’
कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने कहा, मैंने पहले ही कहा था कि अगर मोदी भी आ गए, तो कुछ नहीं होगा। देखिए यही हुआ। हम 120 सीटों पर आगे चल रहे हैं। ऐसी ही हमें उम्मीद थी कि हमें बहुमत मिलेगा। कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार कर्नाटक की कनकपुरा विधानसभा सीट से आगे चल रहे हैं। उनके घर पर कांग्रेस नेताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।
कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जश्न
कर्नाटक विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है, रुझानों में कांग्रेस को बहुमत मिल गया है। बेंगलुरु स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जश्न मनाया। उधर, कांग्रेस के कई बड़े नेता कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार से मिलने पहुंचने लगे हैं।
बेंगलुरु के हिल्टन होटल में 50 कमरे बुक
कर्नाटक के बेंगलुरु में हिल्टन होटल में 50 कमरे बुक किए गए हैं। इन कमरों की बुकिंग कांग्रेस विधायकों के लिए की गई है। कांग्रेस ने सभी जीते हुए प्रत्याशियों को रात 8 बजे होटल में पहुंचने के लिए कहा है। कल विधायक दल की बैठक होगी।









