रामासाहू स्टेडियम गढ़वा में आयोजित जिला स्तरीय मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता 2023 का आज उपायुक्त शेखर जमुआर द्वारा शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त के आगमन पर जिला खेल पदाधिकारी उमेश उरांव लोहरा द्वारा स्वागत भाषण देते हुए उपायुक्त को पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया गया। मौके पर उपायुक्त ने संबोधित करते हुए सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दिया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि सरकार के निर्देश के अनुरूप प्रतियोगिताओं का आयोजन हो, उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेल खेलने को कहा। उन्होंने कहा कि समय के अनुसार खेल एवं खिलाड़ियों दोनों का महत्व काफी बढ़ा है, आज खेल के क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन कर खिलाड़ी एक नई मुकाम हासिल कर सकते हैं।
पुरी पावर, स्पीड एवं स्टैमिना के साथ खिलाड़ी खेल भावना के साथ अपने खेल को खेलें। गढ़वा जिले में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने मेरिट के आधार पर खिलाड़ियों का चयन बिना किसी भेदभाव के करने की भी बात कही। मौके पर उपायुक्त ने खिलाड़ियों के बीच जाकर सभी से परिचय लेते हुए बेहतर प्रदर्शन करने की कामना करते हुए सभी का हौसला अफजाई किया। उल्लेखनीय है कि जिला स्तर पर मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल (बालक एवं बालिका) प्रतियोगिता 2023-24 का आयोजन दिनांक 16.12.2023 से दिनांक 18.12.2023 तक रामा साहू स्टेडियम गढ़वा के मैदान में किया जाएगा।
आज 8 टीमों के बीच मैच खेला जाएगा। जिसमें पहला मैच चिनिया एवं रमना, दूसरा मैच बरडीहा एवं धुरकी, तीसरा मैच डंडा एवं मेराल, चौथा मैच गढ़वा एवं डंडई की टीम के बीच खेला जाएगा। इस मौके पर मुख्य रूप से ओलंपिक संघ अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार पाठक, गढ़वा जिला फुटबाल संघ सचिव आलोक मिश्रा, खेल प्रतिनिधि धीरज दुबे, जन प्रतिनिधि, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गढ़वा अवध कुमार यादव, जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी साकेत कुमार पांडे, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नीतीश कुमार निशांत समेत काफी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं खिलाड़ी मौजूद थे।